डिजिटल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेन्द्र वी आर्लेकर को आज सुबह अपना इस्तीफा सौंपा है। नीतीश कुमार एक बार फिर एनडीए में शामिल हो गए हैं। इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने पहले की सरकार को भंग कर दिया है।अब वह महागठबंधन से पहले जो गठबंधन था उसके साथ ही एक बार फिर सरकार बनाने जा रहे हैं।
अपने 8 मंत्रियों के साथ नीतीश कुमार आज 5 बजे शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा होंगे शामिल। नई सरकार में भाजपा से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम होंगे। बाकी नेताओं में प्रेम कुमार, विजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन और सुमित कुमार सिंह शामिल हैं।
नीतीश कुमार के फैसले से कई विपक्षी नेताओं ने उनपर निशाना साधा। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा, 'कूड़ा गया फिर से कूड़ेदानी में। कूड़ा - मंडली को बदबूदार कूड़ा मुबारक।' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार आया राम, गया राम जैसे नेता हैं।
जयराम रमेश ने भी वार करते हुए कहा कि बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इस विश्वासघात के विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को बिहार की जनता माफ़ नहीं करेगी। बिलकुल साफ़ है की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रधानमंत्री और भाजपा घबराए हुए हैं और उससे ध्यान हटाने के लिए यह राजनीतिक ड्रामा रचा गया है।