रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने जमीन घोटाला मामले में करीब 7 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद सीएम हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले हेमंत सोरेन ईडी की टीम के साथ बुधवार को देर शाम राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपा। इस बीच सत्तापक्ष के विधायकों ने चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया है। अब चंपई सोरेन झारखंड के नए सीएम होंगे। चंपई सोरेन झामुमो की अगुवाई वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। सूत्रों की मानें तो राज्यपाल ने हेमंत सोरेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। जेएमएम सांसद महुआ माजी ने ताजा घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी की हिरासत में हैं। चंपई सोरेन नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है।

हमारे पास पर्याप्त संख्या है। वहीं मंत्री आलमगीर आलम ने राजभवन से निकलने के बाद कहा कि झारखंड के राज्यपाल को 47 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा गया है। नई सरकार के गठन का दावा पेश किया गया। चंपई सोरेन हमारे मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल से जल्द शपथ ग्रहण का समय मांगा गया है। राज्यपाल ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है। भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा लगभग सात घंटे की पूछताछ के बाद सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इससे पहले हेमंत सोरेन से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जारी पूछताछ के बीच रांची के प्रमुख इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई और राज्य की राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया था।  भूमि घोटाले से जुड़े कथित धन शोधन मामले में सोरेन का बयान दर्ज करने के लिए ईडी के अधिकारी अपराह्न करीब एक बजकर 20 मिनट पर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे।

वहीं नाराज हेमंत सोरेन ने यहां एससी/एसटी पुलिस थाने में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के वरिष्ठ कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अधिकारियों ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि सोरेन ने आरोप लगाया है कि ईडी ने उन्हें तथा उनके पूरे समुदाय को प्रताडि़त और बदनाम करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि ईडी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है... हमें मुख्यमंत्री की अर्जी मिली है। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने प्राथमिकी में कहा है कि मेरे परिवार के सदस्यों और मुझे इन कृत्यों के कारण अत्यधिक मानसिक, मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक क्षति हुई है। ईडी की एक टीम ने सोमवार को सोरेन के दिल्ली आवास की तलाशी ली और झारखंड में एक कथित भूमि सौदे से जुड़े धनशोधन मामले में उनसे पूछताछ करने के लिए लगभग 13 घंटे तक वहां डेरा डाले रखा।