नई दिल्लीः अरबपतियों की लिस्ट में आज बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एमेजान के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस को पछाड़कर लुई विटन के मालिक बर्नार्ड अर्नाल्ट दुनिया दूसरे सबसे रईस व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में फ्रांस के रहने वाले बर्नार्ड एकमात्र गैरअमेरिकी हैं। एलन मस्क अभी भी नंबर एक की पोजीशन पर हैं। जबकि, 100 अरब डॉलर क्लब में अडाणी-अंबानी की स्थिति और मजबूत हुई है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति मंगलवार को 4.43 अरब डॉलर घटकर 209 अरब डॉलर रह गई है। दूसरी ओर बर्नार्ड अर्नाल्ट की संपत्ति में 603 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। अब अर्नाल्ट 193 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। जेफ बेजोस ने मंगलवार को 2.31 अरब डॉलर की संपत्ति गंवाई। इसका असर यह हुआ कि वह दूसरे से तीसरे स्थान पर आ गए। इनके पास अब 191 अरब डॉलर की संपत्ति रह गई है। चौथे स्थान पर मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग हैं। इनकी संपत्ति भी 549 मिलियन डॉलर कम हुई है, लेकिन उन्होंने अपना चौथा स्थान बरकरार रखा है। इनके पास 169 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है। बिल गेट्स के पास 146 अरब डॉलर का नेटवर्थ है और पांचवें स्थान पर हैं। इनकी संपत्ति में भी 144 मिलियन डॉलर की कमी दर्ज की गई है। स्टीव बाल्मर 405 मिलियन डॉलर गंवाकर अब भी छठे स्थान पर बने हुए हैं। इनका नेटवर्थ 139 अरब डॉलर है। सातवें स्थान पर वॉरेन बफेट हैं। दुनिया के 13 अरबपतियों की के पास 100-100 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति है। इस 100 अरब डॉलर क्लब में भारत के मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी भी हैं। गौतम अडाणी की संपत्ति में मंगलवार को 68.2 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ और 102 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ उन्होंने 13वें स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। मुकेश अंबानी की संपत्ति में 1.13 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है और 111 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 11वें नंबर पर मजबूती के साथ डटे हुए हैं।
100 अरब डॉलर क्लब में और मजबूत हुए अडाणी-अंबानी