जयपुर: मुंबई इंडियंस की टीम सोमवार को जब यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में तालिका में शीर्ष पर चल रही राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी तो उसकी निगाहें अपनी गेंदबाजी खामियों को दूर करके मेजबान टीम से बदला चुकता करने पर लगी होंगी। पिछले चार मैच में तीन जीत से मुंबई इंडियंस की टीम उबरने की राह पर चल रही है और सत्र की खराब शुरुआत के बाद अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम तूफानी रफ्तार से आगे बढ़ते हुए 12 अंक लेकर शीर्ष स्थान पर काबिज है।

पांच बार की चैंपियन मुंबई ने पिछले मैच में आशुतोष शर्मा के अंत में लगाए गए अद्र्धशतक के बावजूद पंजाब किंग्स के खिलाफ नौ रन से जीत हासिल की थी। एक बार फिर जसप्रीत बुमराह ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठायी और तीन विकेट झटके। भारत के इस स्टार तेज गेंदबाज ने नई गेंद से चमकदार प्रदर्शन किया और ज्यादा रन लुटाए बिना ही ये विकेट हासिल किए। बुमराह 13 विकेट लेकर इस आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं।

उनका इकोनोमी रेट भी दूसरे सर्वश्रेष्ठ नंबर पर है और उन्होंने छह रन से भी कम रन गंवाए हैं। जहां वह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं तो वहीं उनके साथी गेंदबाज ऐसा करने में जूझ रहे हैं। गेराल्ड कोएत्जी ने भी 12 विकेट लेकर प्रभावित किया है, लेकिन उन्होंने काफी ज्यादा रन लुटाए हैं। आकाश मधवाल और कप्तान हार्दिक पांड्या अनिरंतर रहे हैं। श्रेयस गोपाल ने अभी तीन मैच खेले हैं और प्रत्येक में एक एक विकेट झटका है। मुंबई इंडियंस को  मोहम्मद नबी के बतौर गेंदबाज अनुभव का इस्तेमाल करने की जरूरत है।