नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 'इंडिया इन्वॉल्व्ड रैंकिंग' 2023 में शीर्ष स्थान हासिल किया है। यह सूचकांक इस बात की पड़ताल करता है कि भारतीय कंपनियां विकसित भारत के लिए किस तरह प्रतिबद्ध है। सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर विचार करने और समावेशी वृद्धि पर ध्यान केंद्रित करने वाले एक प्रमुख भारतीय शोध संस्थान 'स्कॉच' ने छह महीने के अध्ययन के बाद रैंकिंग और सूचकांक तैयार किया। इसमें 231 संकेतकों के आधार पर कई कंपनियों का विश्लेषण करके 'इंडिया इन्वॉल्व्ड रैंकिंग' पर शीर्ष-20 कंपनियों की सूची तैयार की गई। रिलायंस के बाद हिंदुस्तान यूनिलीवर और अडाणी समूह का स्थान है।

स्कॉच ने बयान में बताया कि जिओ प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने डिजिटल रूपांतरण श्रेणी में 'इंडिया इन्वॉल्व्ड रैंकिंग' में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद ल्युपिन और हेरिटेड फूड का स्थान था। इसी तरह कॉरपोरेट उत्कृृष्टता श्रेणी में बैंक ऑफ इंडिया ने शीर्ष स्थान हासिल किया। उसके बाद एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस और आदित्य बिड़ला हेल्थ इंश्योरेंस का स्थान रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस ने हमेशा इस बात में विश्वास किया है कि जो भारत के लिए अच्छा है, वह रिलायंस के लिए अच्छा है।