पूर्वांचल प्रहरी स्टाफ रिपोर्टर गुवाहाटीः चीन के अंदरूनी इलाकों में कई दिनों से हो रही जोरदार बारिश के चलते भारत में ब्रह्मपुत्र नद का जल स्तर एका-एक काफी बढ़ गया है। इसके फलस्वरूप राज्य के साथ ही गुवाहाटी के घाटों पर बढ़े हुए जल स्तर का ग्राफ दिखाई दे रहा है। अचानक बढ़े जल स्तर से यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज गुवाहाटी के तीन घाटों पर गुवाहाटी तथा उत्तर गुवाहाटी के बीच पानी जहाज के आवागमन को बंद कर दिया गया है। अभयांतरण जल परिवहन विभाग के गुवाहाटी मंडल के कार्यकारी अभियंता सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार गत कल संध्या समय से ब्रह्मपुत्र का जल स्तर एकाएक काफी बढ़ गया है। जिसके चतले गुवाहाटी तथा नार्थ गुवाहाटी के बीच चलनेवाली जहाज पर यात्रियों के आने -जाने के लिए बनाए गए बांस व काठ के अस्थाई पुल पानी में डूब गए। आज पूरे दिन विभाग के कर्मचारी व श्रमिक की तत्परता से यात्रियों के जहाज पर चढ़ने तथा उतरने के लिए फिर से अस्थाई पुल का निर्माण किया।
ब्रह्मपुत्र का जल स्तर बढ़ने के चलते जहाज सेवा बाधित
