चेन्नई: प्रदर्शन में निरंतरता की कमी से जूझ रही चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम बुधवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ उतरेगी तो उसकी नजरें खेल के सभी विभागों में एकजुट प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी। सुपरकिंग्स के नौ मैच में 10 अंक हैं जो लखनऊ सुपर जाइंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के समान हैं और गत चैंपियन टीम निश्चित रूप से जीत के साथ इन टीमों से आगे निकलने की कोशिश करेगी। गत चैंपियन सुपरकिंग्स की चिंता हालांकि बढ़ गई है, क्योंकि पंजाब किंग्स की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन के टी-20 क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल करने के बाद इस मुकाबले में उतर रही है। पंजाब किंग्स के नौ मैच में छह अंक हैं।
चेपक हालांकि सुपरकिंग्स का गढ़ है जहां गेंदबाजों को पिच से मदद मिलती है और मेजबान टीम ने पिछले मैच में सनराइजर्स पर 78 रन की आसान जीत दर्ज की। चेन्नई में उस रात ओस नहीं पड़ी थी और बल्लेबाजों द्वारा 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने के बाद सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने अपनी सटीक और विविधता से भरी गेंदबाजी से सनराइजर्स की मजबूत बल्लेबाजी इकाई को ध्वस्त कर दिया। चेन्नई को पंजाब के खिलाफ यह प्रदर्शन दोहराना होगा और सभी की निगाहें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर होंगी जो फॉर्म में वापसी कर चुके हैं।
गायकवाड़ ने अपनी पिछली दो पारियों में 108 और 98 रन बनाए हैं और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने भी हैदराबाद के खिलाफ 32 गेंद में 52 रन बनाकर सही समय पर लय हासिल कर ली है। हालांकि सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी क्रम में असली तूफान शिवम दुबे हैं जिन्होंने इंपेक्ट प्लेयर के रूप में आते हुए विपक्षी गेंदबाजों को धराशायी किया है। स्पिन के खिलाफ अच्छा खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज दुबे ने मौजूदा सत्र में अब तेज गेंदबाजों के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन करके अपनी बल्लेबाजी में एक और आयाम जोड़ दिया है। दुबे ने अब तक 350 रन बनाए हैं जो गायकवाड़ के 447 रन के बाद सुपरकिंग्स के लिए दूसरे सर्वाधिक रन हैं। उन्होंने ए रन 172.41 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं और इस मामले में टीम में महेंद्र सिंह धोनी (259.45) के बाद दूसरे स्थान पर हैं।