लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग में प्लेऑफ की ओर बढ़ रही लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीमें रविवार को जब एक-दूसरे के सामने मैदान में होंगी तो उनका इरादा जीत के साथ अंतिम चार में अपनी जगह का दावा मजबूत करने पर होगा। मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान पर कम स्कोर वाले मैच में 24 रन से मात देने के बाद केकेआर को नाम 14 अंक हो गए है और टीम प्लेऑफ क्वालिफिकेशन के बेहद करीब है।
ऐसे में लोकेश राहुल की अगुवाई में एलएसजी पर दबाव होगा कि वह श्रेयस अय्यर की टीम के खतरे से बचने का रास्ता खोजे। एलएसजी के 10 मैचों में छह जीत और चार हार के साथ 12 अंक है और यह टीम केकेआर से सिर्फ एक पायदान नीचे तीसरे नंबर पर है। चौथे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद (12 अंक) जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स (10 अंक) और दिल्ली कैपिटल (10 अंक) भी मजबूती के साथ शीर्ष चार में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई है।
एलएसजी को यहां एकाना स्टेडियम में अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 145 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। टीम आखिरी ओवर में सिर्फ चार विकेट से जीत हासिल कर सकी। कप्तान राहुल और हरफनमौला मार्कस स्टोइनिस ने एलएसजी के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और यह देखना होगा कि क्या दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी क्विंटन डिकॉक को युवा अर्शिन कुलकर्णी के स्थान पर वापस लाया जाता है।