कोलकाता: शानदार फॉर्म में चल रही दो बार की पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स शनिवार को अपने मैदान पर इस सत्र के आखिरी मैच में मुंबई इंडियंस से खेलेगी तो उसका लक्ष्य ईडन गार्डंस पर ही तीन साल में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का टिकट कटाने का होगा। दो बार के खिताब विजेता कप्तान गौतम गंभीर की टीम मेंटोर के रूप में वापसी के बाद केकेआर ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक 11 मैचों में से आठ जीतकर दस टीमों शीर्ष पर काबिज केकेआर को प्लेऑफ का टिकट कटाने के लिए एक और जीत की जरूरत है।
शाहरूख खान की टीम अपने गढ़ ईडन गार्डंस पर ही यह श्रेय हासिल करना चाहेगी। सुनील नारायण को दुनिया के दूसरे नंबर के टी-20 बल्लेबाज फिल सॉल्ट के साथ पारी की शुरुआत करने भेजने का गंभीर का दाव मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ है। दोनों ने टीम को पावरप्ले में शानदार शुरुआत देते हुए आठ मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 के पार पहुंचाया है। नारायण अब तक 32 छक्के लगा चुके हैं और अभिषेक शर्मा (35) के बाद दूसरे स्थान पर है। अब तक एक शतक और तीन अद्र्धशतक लगा चुके नारायण ने 183.66 की स्ट्राइक रेट से 461 रन बना लिए हैं।
वहीं इंग्लैंड के सॉल्ट ने 183.33 की स्ट्राइक रेट से 429 रन बनाए हैं। इन दोनों के शानदार फॉर्म के कारण आंद्रे रसेल और रिंकू सिंह जैसे फिनिशरों को ज्यादा मौके नहीं मिले। इन दोनेां की बल्लेबाजी ने गेंदबाजों खासकर मिचेल स्टार्क के खराब फॉर्म की भी भरपाई कर दी है। तीसरे नंबर पर युवा अंगकृष रघुवंशी ने अपनी उपयोगिता साबित की है। वहीं पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या की कप्तानी में इस सत्र से बाहर होने वाली पहली टीम रही। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराने वाली मुंबई अब प्रतिष्ठा के लिए खेल रही है। सूर्यकुमार यादव ने पिछले दो मैचों में 56 और नाबाद 102 रन बनाए हैं जो टी-20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत है।