बेंगलुरु: लगातार चार मैच जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को अपना दावा बनाए रखने के लिए रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हर हालत में हराना होगा जबकि दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत निलंबन के कारण इस मैच से बाहर रहेंगे। पंत को इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में तीन बार धीमी ओवर गति के कारण एक मैच का निलंबन झेलना पड़ा है। पंत की गैर मौजूदगी से आरसीबी को फायदा मिलेगा जबकि दिल्ली के लिए यह बड़ा झटका है। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को दो बार हराने के अलावा पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद को हराया है।

गुजरात और पंजाब से आरसीबी को कोई चुनौती नहीं मिली और सनराइजर्स को उसने करीबी मुकाबले में हराया। दूसरी ओर दिल्ली के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने 27 अप्रैल को मुंबई इंडियंस पर दस रन से मिली जीत में चार विकेट पर 257 रन बनाए थे तो 29 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। आरसीबी 12 मैचों में 10 अंक लेकर सातवें स्थान पर है और अब हारने से उसके लिए रास्ते बंद हो जाएंगे। लगातार चार जीत और विराट कोहली के जबर्दस्त फॉर्म के दम पर उसके हौसले बुलंद है। कोहली ने इस सत्र में सर्वाधिक 634 रन बना लिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 153 का रहा है।

कोहली के अलावा कप्तान फाफ डु प्लेसी, रजत पाटीदार, कैमरन ग्रीन और दिनेश कार्तिक ने भी अच्छी पारियां खेली हैं। गेंदबाजों ने भी शुरुआती मैचों के औसत प्रदर्शन के बाद अपना काम बखूबी किया है। पिछले चार मैचों में मोहम्मद सिराज ने अपनी लय हासिल कर ली जबकि यश दयाल और स्पिनर स्वप्निल सिंह भी उपयोगी साबित हुए हैं। पंजाब के खिलाफ मैच के बाद सिराज और दयाल का इकॉनामी रेट इस सत्र में पहली बार दस के नीचे गया। इस सत्र में लग रहे रनों के पहाड़ के बीच इसे अच्छा प्रदर्शन कहा जाएगा।