ह्यूस्टन : पाकिस्तानी मूल के तेज गेंदबाज अली खान के आखिरी दो ओवरों में तीन विकेट की मदद से अमेरिका ने दूसरे टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में बांग्लादेश को छह रन से हराकर आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देश के खिलाफ शृंखला में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहले टी-20 में पांच विकेट से जीत दर्ज करने के बाद आत्मविश्वास से ओत-प्रोत अमरीका ने दूसरा मैच भी जीतकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली। यह शृंखला अमरीका और वेस्टइंडीज में होने अगले महीने होने वाले टी-20 विश्व कप की तैयारी के लिए अहम है। खान ने आखिरी दो ओवरों में तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 25 रन देकर तीन विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर अमरीका ने शानदार शुरुआत की। स्टीवन टेलर ने 28 गेंद में 31 और कप्तान मोनांक पटेल ने 38 गेंद में 42 रन बनाए। अमरीका ने छह विकेट पर 144 का स्कोर बनाया। जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई। पारी की चौथी गेंद पर सौरभ नेत्रवलकर ने सौम्या सरकार को आउट किया। नेत्रवलकर ने तीन ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। बांग्लादेश ने नौ ओवर बाकी रहते तीन विकेट पर 78 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद खान ने बेहतरीन गेंदबाजी करके अमरीका को जीत तक पहुंचाया।