अमरूद सर्दियों का फल है। ज्यादातर लोग इस फल को खाना पसंद करते हैं। इसका मीठा स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। पोषक तत्वों से भरपूर यह फल सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। इसमें विटामिन सी, फाइबर, सोडियम, पोटेशियम, प्रोटीन और आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से सेहत से जुड़ी कई समस्याएं दूर होती है। यह पाचन से जुड़ी समस्या को ठीक करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी तेजी से बढ़ाता है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कुछ लोगों के लिए अमरूद का सेवन जहर समान है। चलिए जानते हैं किन लोगों को अमरूद का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए।
इन लोगों को नहीं करना चाहिए अमरूद का सेवन
गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं : अमरूद को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन अमरूद के पत्तों के अर्क वाले सप्लीमेंट के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता। इन्हें खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा अनुमोदित नहीं किया गया है, इसलिए गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पहले अपने डॉक्टर से बात करनी चाहिए।
त्वचा संबंधी समस्या में : अमरूद के फल और पत्तियों में मौजूद रसायन त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं। यह ज्यादातर उन लोगों में होता है जिन्हें एक्जिमा जैसी कोई त्वचा संबंधी समस्या है, इसलिए त्वचा संबंधी समस्याओं वाले लोगों को अमरूद खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी स्थिति और खराब हो सकती है।
पेट फूलने पर : जिन लोगों का खाना जल्दी नहीं पचता है या फिर पेट फूलने की समस्या है तो ऐसे लोगों को अमरूद नहीं खाना चाहिए। इसमें विटामिन सी और फ्रूक्टोज की मात्रा पाई जाती है। इस वजह से इसे पचाने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
एलर्जी की संभावना : अगर आपको एलर्जी है तो इस फल का सेवन न करें। अध्ययनों से पता चलता है कि अमरूद में मौजूद कुछ रसायनों से एलर्जी होना भी संभव है। साथ ही इसे स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले रसायन भी स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकते हैं।