अगले वर्ष असम में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके मद्देनजर अभी से ही मोर्चाबंदी शुरू हो गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा कांग्रेस विशेष रूप से गौरव गोगोई पर हमलावर हैं। कई मौके पर मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से कहा है कि गौरव गोगोई की पत्नी का पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी आईएसआई से संपर्क है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि वे 10 सितंबर के बाद इस बारे में पूरा खुलासा करेंगे। उनका यह भी कहना है कि गौरव गोगोई की पत्नी ने कुछ दिन पाकिस्तान में काम किया है। गौरव गोगोई ने भी समय-समय पर मुख्यमंत्री को आरोप साबित करने को खुली चुनौती दी है।अब कांग्रेस ने गौरव गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाकर अतिरिक्त शक्ति प्रदान कर दी है। गौरव गोगोई ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही असम सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस चुनाव के वक्त गौरव गोगोई को कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर सकती है। पार्टी ने नए अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही पार्टी के तीन बड़े नेताओं प्रद्युत बरदलै, रकीबुल हुसैन और देबव्रत सैकिया को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही पूरा जोर लगा रही है।
मुख्यमंत्री और गौरव गोगोई की लड़ाई ऊपरी असम पर बढ़त बनाने को लेकर हो रही है। मुख्यमंत्री खेमा पहले से ही यह संकेत दे रहा है कि मुख्यमंत्री जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इधर गौरव गोगोई ने भी स्पष्ट कहा है कि उनके लिए जोरहाट छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता है। देखना है कि गौरव गोगोई विधानसभा का चुनाव कहां से लड़ते हैं। फिलहाल जोरहाट असम के लिए हॉट सीट बन गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ऊपरी असम में भाजपा का बढ़त बनाने की कोशिश में हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में जोरहाट संसदीय क्षेत्र से गौरव गोगोई को शानदार जीत मिली थी। गोगोई को हराने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी थी, ङ्क्षकतु पार्टी सफल नहीं हो पायी। राज्य के छह कैबिनेट मंत्री लगातार जोरहाट संसदीय क्षेत्र में डेरा डाले हुए थे। वहां की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री भी सजग हैं।
उन्होंने डिब्रूगढ़ में असम सचिवालय तथा विधानसभा के भवन निर्माण शुरू करवाकर यह दर्शा दिया कि उनकी सरकार के एजेंडे में ऊपरी असम का विशेष स्थान है। अब डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा का सत्र आयोजित होगा। मुख्यमंत्री ने राज्य के हरेक जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित कर उस क्षेत्र का अधिकार देने का कोशिश की है। हाल ही में चाय श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 250 रुपए कर दी गई है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तीखा हो जाएगा। जहां मुख्यमंत्री ने गौरव गोगोई को पाकिस्तानी संपर्क को लेकर घेरने का प्रयास किया है वहीं गौरव गोगोई ने असम और मेघालय में अवैध रैट होल माइङ्क्षनग से जुड़े मामले को लेकर हिमंत सरकार को घेरा है। गोगोई ने अवैध कोयला खनन मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने दावा किया है कि अवैध कोयला खनन एवं नशीले पदार्थों के कारोबार ने पूर्वोत्तर को जकड़ रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की छत्रछाया में पूर्वोत्तर ऐसे कारोबार का हब बन चुका है। ऐसी खबर है कि अवैध कोयला खनन को एक सिंडिकेट चला रहा है। राज्य के उमरांग्सो में रैट होल माइङ्क्षनग में कुछ श्रमिकों की मौत हो गई थी। उसकी जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया था, किंतु अभी तक इसमें कोई प्रगति नहीं हुई है। भाजपा ने भी दिलीप सैकिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी में संतुलन बनाने की कोशिश की है। हाल ही में प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई थी जिसमें विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने पर चर्चा हुई थी। गौरव गोगोई के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद असम का अगला विधानसभा चुनाव दिलचस्प होगा।