भारतीय रेलवे (आईआर) ने चालू त्यौहारी सीजन व छठ पूजा में यात्रियों की बढ़ती यात्रा मांग को पूरा करने के लिए व्यापक और सुव्यवस्थित प्रबंध किए हैं। भारतीय रेलवे ने दिवाली पूजा और छठ पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से 12,011 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में चलाई गई 7,724 ट्रेनों की तुलना में एक उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। वही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) क्षेत्र में 48 विशेष त्यौहार ट्रेनें चल रही हैं, जो सितंबर से दिसंबर 2025 तक विभिन्न मार्गों पर कुल 620 फेरें करेंगी। इसकी जानकारी आज गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में एनएफआर के जीएम चेतन कुमार श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, गुवाहाटी, जोगबनी और किशनगंज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए होल्डिंग एरिया, पैसेंजर एनाउंसमेंट सिस्टम, पंखे, अतिरिक्त टिकट काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनों सहित विशेष व्यवस्था की गई है। प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यात्री सहायता के लिए चौबीसों घंटे वॉर रूम और आरपीएफ कर्मियों सहित अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सोनपुर, दौरम मधेपुरा, अगरतला, न्यू तिनसुकिया, एसएमवीटी बेंगलुरु, अमृतसर, पटना, डिब्रूगढ़, गोरखपुर, सिलचर, नाहरलगुन, कोलकाता, गुवाहाटी, रांची, चर्लपल्ली, मुंबई सेंट्रल, आगरा छावनी, जोगबनी, लामडिंग, हावड़ा, गोमती नगर, आनंद विहार, कामाख्या और कई अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनें चल रही हैं। 22 अक्टूबर 2025 (बुधवार) को निर्धारित ट्रेनें इस प्रकार हैं-ट्रेन संख्या 05978 डिब्रूगढ़-गोरखपुर (साप्ताहिक स्पेशल) डिब्रूगढ़ से सुबह 9.10 बजे प्रस्थान करेगी और गोरखपुर 19.00 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर (साप्ताहिक स्पेशल) कटिहार जंक्शन से 21.00 बजे प्रस्थान करेगी और अमृतसर जंक्शन 9.45 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 07541 कटिहार-दौरम मधेपुरा (दैनिक स्पेशल) कटिहार से 19.00 बजे प्रस्थान करेगी और दौरम मधेपुरा 22.00 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 07542 दौरम मधेपुरा - कटिहार (दैनिक स्पेशल) दौरम मधेपुरा से 22.45 बजे प्रस्थान करेगी और कटिहार 2.30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 07540 कटिहार-मनिहारी (दैनिक स्पेशल) कटिहार से 20.30 बजे प्रस्थान करेगी और मनिहारी 21.30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 07539 मनिहारी-कटिहार (दैनिक स्पेशल)मनिहारी से 5.00 बजे प्रस्थान करेगी और कटिहार 6.00 बजे पहुंचेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे त्यौहारों के मौसम में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और रेल कर्मचारियों के साथ सहयोग करें। एनएफआर के जीएम चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया द्वारा पूछे एक प्रश्न के जवाब में जीएम ने कहा कि नारंगी से जयनगर तक स्पेशल ट्रेन चलाने का भरोसा दिया। उल्लेखनीय है कि त्योहारी मौसम में एनएफआर की ओर से इस ट्रेन को चलाया गया था, वहीं पिछले साल यह ट्रेन चली थी, इस बार नहीं चलने से बिहार के सीमांचल क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को बहुत परेशानी हो रही है।
त्योहारी मौसम में एनएफआर की 48 विशेष ट्रेनें लगाएगी 620 फेर