गुवाहाटी : डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत तीन विदेशी छात्र ओमिक्रोन पॉजिटिव पाए गए हैं। आईसीएमआर के टेस्ट किट द्वारा प्राथमिक परीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के तीन छात्रों में ओमिक्रोन का संक्रमण निश्चित हुआ है, परंतु ओमिक्रोन के पूरे जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए छात्रों के नमूने जोरहाट स्थित नॉर्थ-इस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नॉलॉजी भेजे गए हैं। इस परीक्षण के परिणाम निकलने पर ओमिक्रोन संक्रमण के संदर्भ में राज्य के स्वास्थ्य विभाग औपचारिक रूप से तथ्यों को सार्वजनिक करेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय में एमकॉम में अध्ययनरत अफ्रीका का एक छात्र जब 10 दिन पहले विदेश से लौटा तो उसका कोविड परीक्षण किया गया और निगेटिव परिणाम होने के कारण उसे 7 दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई,परंतु उसने कोविड प्रोटोकॉल तोड़कर हॉस्टल के अन्य छात्रों के संपर्क में भी आया था। नियमानुसार क्वारंटाइन के आठवें दिन स्वास्थ्य विभाग ने उसका आरटीपीसीआर टेस्ट कराने पर उसे ओमिक्रोन पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उस विद्यार्थी के संपर्क में आए अन्य 40 विद्यार्थी के भी आरटीपीसीआर टेस्ट कराया। इन विद्यार्थियों में से अफ्रीका से आए अन्य दो छात्रों में ओमिक्रोन संक्रमण पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों छात्रों को जकाई आदर्श अस्पताल में अलग रखकर इलाज की व्यवस्था की है। डिब्रूगढ़ के लाहोवाल स्थित रिजनल मेडिकल रिसर्स सेंटर द्वारा किए गए परीक्षण के दौरान तीनों छात्रों में ओमिक्रोन संक्रमण पाए जाने के बाद पूरे जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए उनके नमूने जोरहाट स्थित नॉर्थ-इस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ सायंस एंड टेक्नॉलॉजी भेजे गए हैं। 3-4 दिनों में उनके परीक्षण का परिणाम निकलने की संभावना है।