आधार कार्ड काफी महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कई सरकारी सुविधाओं का लाभ पाने के लिए इसकी काफी जरूरत होती है। इसमें व्यक्ति का बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक डाटा मौजूद होता है। इसी वजह से इसका एक खास महत्व है। आधार कार्ड को बनाने की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। इसे आप बड़ी ही आसानी से किसी भी नामांकन केंद्र पर जाकर बनवा सकते हैं। इस बीच आपसे प्रमाण के तौर पर कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स मांगे जाएंगे। उसके बाद आपका बायोमेट्रिक डाटा लिया जाएगा और एक एनरोलमेंट स्लिप दी जाएगी। कुछ दिनों के बाद आप अपना आधार कार्ड एनरोलमेंट स्लिप की मदद से ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। भारत में आधार कार्ड हर कोई बनवा सकता है। आप अपने नवजात शिशु का भी आधार कार्ड आसानी से बनवा सकते हैं। इसी सिलसिले में आज हम इस बारे में जानेंगे कि किन्हें नीले रंग का आधार कार्ड मिलता है? और किस प्रकार से इसको बनाने के लिए अप्लाई करना है - 5 साल से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड नीले रंग का होगा। इस रंग का आधार कार्ड केवल 5 साल के कम उम्र के बच्चों का ही बनेगा। वहीं जब वह 5 साल की उम्र को पार कर देंगे, तो उनका नीले रंग का आधार कार्ड आमान्य हो जाएगा। आप बड़ी ही आसानी से अपने 5 साल के बच्चों का आधार कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए आपको बच्चे के मान्यता प्राप्त स्कूल से जारी किए गए आईडी कार्ड की जरूरत होगी। उसकी मदद से आप अपने बच्चे का नीला रंग का आधार कार्ड बनवा सकते हैं। अगर उसका स्कूल आईडी कार्ड नहीं है, तो आप बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र या अस्पताल से मिली डिस्चार्ज स्लिप की मदद से भी उसका आधार कार्ड बनवा सकते हैं। हालांकि नामांकन केंद्र पर बच्चे का कोई भी बायोमेट्रिक डाटा नहीं लिया जाएगा। बच्चा जब पांच साल से बड़ा हो जाएगा, तब उसका बायोमेट्रिक डाटा लिया जाएगा।