दिसपुर, बेलतला : गुवाहाटी के नालापाड़ा इलाके में पुलिस ने अभियान चलाकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले याबा टेबलेट समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। आरंभ में दो तस्कर और एक करोड़ रुपए कीमत की याबा टेबलेट जब्त किए जाने की बात सामने आई थी। इस संबंध में शुक्रवार को गुवाहाटी के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर पार्थ महंत ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि शुक्रवार की तड़के नालापाड़ा इलाके में पार्किंग के पास अभियान चलाकर दो ट्रक (एनएल-01एल-3909 और यूपी-42एटी-3045)और एक कार (एएस-01ईवी-2888) के साथ ड्रग्स की तस्करी करने के आरोप में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने 70 हजार याबा टेबलेट बरामद किया। बरामद याबा टेबलेट की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार ड्रग्स तस्करों की पहचान दिलबर अली,महबूब आलम, शाकीर अहमद, मासूद अहमद और मोहम्मद शाहिद के रूप में की गई। पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार सभी तस्करों से सघन पूछताछ कर रही है। वहीं संवाददाता सम्मेलन के दौरान ज्वाइट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुवाहाटी पुलिस 10 मई से 31 दिसंबर, 2021 तक कुल 156 प्राथमिकी दर्ज कर 12.68 किग्रा हेरोइन, 265.93 किग्रा गांजा, 2 लाख 70 हजार नशीले टेबलेट, 33 छोटे वाहन, 08 बड़े वाहन, नगद 70 लाख 95 हजार रुपए सहित 368 लोगों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है।
दस करोड़ के नशीले याबा टेबलेट को किया बरामद, पांच गिरफ्तार