नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों में कुछ दिनों के भीतर ही कोविड की जांच रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कोविड की जांच करने वाली प्रमुख टेस्टिंग लैब का कहना है कि भारत में पिछले सात दिनों में कोविड की जांच में 60 फीसदी तक की तेजी देखी गई है। इतनी जांच पिछले साल कोरोना की दूसरी लहर की पीक के दौरान हुई थीं। भविष्य में कोविड जांच के और बढ़ने के संकेत लग रहे हैं। हालांकि देशभर में अभी कोविड जांच किट की उपलब्धता को लेकर कोई दिक्कत फिलहाल नहीं है क्योंकि ज्यादातर किट निर्माताओं ने अपने पास पड़े स्टॉक को हाल ही में खत्म किया है। इस बीच मुंबई में कोविड-19 की जांच ने शीर्ष स्तर को छू लिया है और दिल्ली भी जांच उच्चतम स्तर पर पहुंचने के करीब है। टेस्टिंग लैब का कहना है कि अब इसमें बढ़ोत्तरी की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वे फिलहाल अपनी क्षमता का 40 से 50 फीसदी का उपयोग कर रहे हैं। गुरुवार को मुंबई में 67,487 नमूनों की जांच की गई, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। पिछले साल 14 अप्रैल को 56,226 जांच कराई गई थी। दिल्ली में छह जनवरी को 98,434 नमूनों की जांच की गई, जो 11 अप्रैल, 2021 को हुए 114,288 नमूनों के उच्चतम जांच स्तर के आसपास है। इस बीच जांच किट निर्माताओं ने भी टेस्टिंग किट का उत्पादन तेज कर दिया है। जांच किट निर्माता भी अपने कुल उत्पादन क्षमता के स्तर को जल्द ही छूने वाले हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली स्थित डॉ. लाल पैथलैब इन दिनों अपनी अखिल भारतीय जांच क्षमता का 40 फीसदी इस्तेमाल कर रही है। लैब अपने सभी सेंटर्स पर फिलहाल रोज 50,000 जांच कर रही है। जबकि मुंबई स्थित मेट्रोपॉलिस हेल्थकेयर भी इन दिनों बड़ी तादाद में जांच कर रहा है। यह पिछले साल दूसरी लहर के शीर्ष स्तर के बराबर है। फिलहाल कंपनी अपनी जांच क्षमता का 50 फीसदी इस्तेमाल कर रही हैं। कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मेट्रो शहरों में संक्रमण के मामलों में भी काफी तेजी देखी जा रही है। इसलिए कोविड की जांच पिछले हफ्ते के मुकाबले अभी तीन गुना बढ़ गई है। इसकी आगे और बढ़ने की संभावना है। तीसरी लहर के प्रकोप को देखते हुए लोगों के लिए जांच व्यापक स्तर पर करना, उपकरण और टूलकिट का इंतजाम करना बेहद जरूरी है। इस बीच देश में कोरोना जांच किट भी तेजी से तैयार की जा रही हैं। पुणे की माईलैब डिस्कवरी सॉल्यूशंस के उच्च अधिकारियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कंपनी के पास तैयार किट की पर्याप्त मात्रा है। हम अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ा रहे हैं। अब तक कच्चे माल की आपूर्ति ठीक है।
ओमिक्रोन का खौफ : दूसरी लहर के मुकाबले रोजाना 60 फीसदी ज्यादा मामले