जोरहाट : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने आज सोमवार को चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर्स के साथ ही गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 60 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों के लिए आज बूस्टर डोज अभियान का शुभारंभ किया। जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज दिन के 11.15 बजे आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री महंत ने इस राज्यव्यापी अभियान की शुरूआत की। इस मौके पर जोरहाट के विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी, अतिरिक्त उपायुक्त दामोदर बर्मन, जेएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ. रत्नकांत तालुकदार, जेएमसीएच अधीक्षक डॉ. पूर्णिमा बरुवा, संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक अमृत कुमार सैकिया व अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ ही जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। इस मौके पर मंत्री केशव महंत ने कहा कि देशभर में आज से इस बूस्टर डोज टीकाकरण की शुरुआत हुई है। कोरोना की दोनों डोज लेने के नौ महीने के अंतराल पर यह बूस्टर डोज दी जा रही है। ऐसे में आज जिन लोगों को यह डोज लेनी होगी, उनके लिए बीते 10 अप्रैल तक टीके की दोनों खुराक लेना  अनिवार्य है। महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि संक्रमण से निपटने के लिए टीके की दोनों खुराक लेना सबसे ज्यादा जरूरी है। राज्य में अभी भी 45 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्होंने दूसरी खुराक नहीं ली है। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी के बाद बिना वैक्सीन के सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश पर रोक का कड़ाई से पालन किया जाएगा। बिहू के बाद जब कार्यलय खुलेंगे तो वैक्सीन सर्टिफिकेट दिखाकर ही कार्यलय में प्रवेश मिलेगा। बिना इसके कर्मचारी काम पर नहीं आ पाएंगे और काम न करने की सूरत में उनका वेतन कटेगा। सार्वजनिक स्थानों पर भी यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित पक्षों पर होगी। उन्होंने कहा कि टीके की दूसरी खुराक के साथ ही बूस्टर डोज अभियान भी चरणबद्ध तरीके से चलता रहेगा और नौ महीने की अवधि पूरी करने वाले ऐसे लोग जो सूची में शामिल है। वे इसका लाभ ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की टीके की खुराक लंबित है। इनमें कई मामलों में तो समयावधि पार हो चुकी है। ऐसे लोगों से 15 जनवरी के बाद सख्ती से निपटा जाएगा। फ्रंटलाइन वर्कर में पुलिसकर्मी, चुनाव व अन्य मामलों से जुड़े रहे जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी के साथ ही मीडियाकर्मी भी शामिल है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नौ महीने से समयावधि अगर पूरी हो तो प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए भी बूस्टर डोज लगाने का इंतजाम किया जा सकता है। कोविड की तीसरी लहर में संक्रमण का स्तर कही ज्यादा होगा। मंत्री ने कहा कि हम इस चुनौती से लड़ेंगे और इसके लिए तैयार है।