कार्बी आंग्लांग : असम में जारी ड्रग्स के खिलाफ अभियान के क्रम में असम पुलिस को फिर कार्बी आंग्लांग जिले से एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई। आज कार्बी आंग्लांग जिले के असम-नागालैंड सीमावर्ती अंचल पुराना लाहोरीजान के 36 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से कार्बी आंग्लांग पुलिस को ड्रग्स के खिलाफ  इस साल की पहली बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार आज एक गुप्त सूचना के आधार पर बोकाजान महकमे के पुराना लाहोरीजान पुलिस उपचौकी के अधीन 36 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने एक विशेष तालाशी अभियान चलाया। उक्त अभियान के दौरान पुलिस ने मणिपुर से आ रहे एक एनएल-01-एए 5840 नंबर के एक ट्रक को रोक उसकी तालाशी ली। तलाशी के दौरान हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद की गई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत  दस करोड़ से अधिक आंकी गई। दूसरी ओर इस का मास्टरमाइंड गाड़ी चालक के रुप में गिरफ्तार किया गया।  इस मौके पर पुलिस ने ट्रक से 110 साबुन के  बक्शे बरामद किए, जिसमें कुल 1.5 किलोग्राम हेरोइन छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में पकड़े गए मास्टरमाइंड चालक की पहचान मणिपुर के कांगपोई जिला निवासी 26 वर्षीय दीपक छेत्री के रूप में हुई। बता दें कि असम में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल में डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के मुख्यमंत्री बनते ही राज्य में ड्रग्स सहित अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने के आदेश मिलने के बाद असम पुलिस पूरे राज्य को नशामुक्त करने में जुटी है। विगत वर्षों में भी असम के कार्बी आंग्लांग जिले से मादक पदार्थों के खिलाफ कई बड़ी सफलता प्राप्त होने के साथ ही नए वर्ष के 10वें दिन भी कार्बी आंग्लांग पुलिस को ड्रग्स के खिलाफ यह बड़ी कामयाबी मिली। ड्रग्स के खिलाफ जारी अभियान  को सफल बनाने में अहम योगदान दे रही कार्बी आंगलांग पुलिस की इस सफलता पर आज असम के मुख्यमंत्री, विधानसभा के उपाध्यक्ष सहित पुलिस के बड़े अधिकारियों ने भी कार्बी आंग्लांग पुलिस की पीठ थपथपाई। बहरहाल मामले को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज कर पकड़े गए ड्रग्स तस्कर से थाने में गहन पूछताछ की जा रही है।