गुवाहाटीः असम-मेघालय के साथ अंतर्राज्यीय सीमा समझौतों पर चर्चा के लिए आगामी 18 जनवरी को सर्वदलीय बैठक होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान मंत्री अतुल बोरा, चंद्रमोहन पटवारी और पीयूष हजारिका तीनों क्षेत्रीय समितियों की ओर से सौंपे गए निष्कर्षों पर चर्चा करेंगे। सूत्रों ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने उम्मीद जताई कि पहले चरण में असम और मेघालय के बीच असहमति के छह क्षेत्रों में से अधिकांश विवादों को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। इस सप्ताह की शुरुआत में गुवाहाटी में असम और मेघालय के मुख्यमंत्रियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद दोनों राज्यों के मंत्रियों ने घोषणा की कि जनवरी तक पहले चरण में शामिल विवाद के छह क्षेत्रों में से अधिकांश पर अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।  सूत्रों के अनुसार असम और मेघालय के मुख्यमंत्री के अलावा दोनों राज्य के मंत्रियों ने सीमा विवाद को जल्द खत्म करने तथा पड़ोसी राज्यों के बीच आपसी सौहार्द बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि असम सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ अच्छे संबंध बनाने के लिए अपने मंत्रियों को खुले दिल से सभी मुद्दों पर चर्चा कर अंतिम निर्णय पर पहुंचने की सलाह दी है। जिसके कारण ही हाल के दिनों में दोनों राज्यों के मंत्रियों के बीच लगातार कई दौर की बैठकें हुई है।