गुवाहाटीः असम में प्रतिदिन वैश्विक महामारी काफी तेजी के साथ अपना असर दिखा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 8072 नए मामले मिले तथा 16 और संक्रमितों की मौत हो गई। संक्रमण दर 12.62 प्रतिशत पर आ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बुलेटिन में उपरोक्त आशय की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि सोमवार को संक्रमण दर 10.75 फीसदी थी और 6982 नए मामले आए थे। सोमवार को 64,919 नमूनों की जांच की गई, जबकि आज 63,944 नमूनों का परीक्षण किया गया और 8072 नए मामले पाए गए । उन्होंने बताया कि कामरूप (मेट्रो)जिले में सबसे अधिक 1996 संक्रमण के नए मामले सामने आए,जो बेहद चिंता का कारण है। उल्लेखनीय है कि 2022 में एक दिन सर्वाधिक मौत की संख्या 16 है, जो आज मंगलवार को हुईं। उल्लेखनीय है कि असम समेत प्रदेश की राजधानी शहर में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते आंकड़ों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच राज्य में 47 नए ओमिक्रोन के मामले सामने आए हैं। नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने सोमवार को पूरे जीनोम अनुक्रमण के बाद संदिग्ध मामलों की पुष्टि की, जिसके परिणामस्वरूप असम में कम से कम 47 ओमिक्रोन के मामले सामने आए, जिनमें से तीन अंतरराष्ट्रीय यात्री थे। अन्य असम के निवासी हैं,जो कोविड-सकारात्मक विदेशी यात्रियों के संपर्क में आए थे। सूत्रों ने कहा कि उनमें से दो का अंतर्राज्यीय यात्रा का इतिहास है। सोमवार की पुष्टि के अनुसार राज्य में कुल 56 ओमिक्रोन मामले पाए गए हैं। सूत्रों ने कहा कि 47 नए पुष्ट मामलों में से इक्कीस अंतर्राष्ट्रीय यात्री हैं,जबकि अधिकांश राज्य में रुके हैं या अंतर्राज्यीय यात्रा के इतिहास रखते हैं। सूत्रों के अनुसार सऊदी अरब और संयुक्त राज्य अमरीका के यात्रियों के अलावा धेमाजी में सीआरपीएफ कैंप और जोरहाट में एक सामुदायिक खोज में नए संस्करण की पहचान की गई।
राज्य में तेजी से बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या, एक दिन मिले 8072 संक्रमित