गुवाहाटी : असम पुलिस में लगातार कोविड संक्रमण बढ़ रहा है । दुलियाजान में आयोजित मुख्यमंत्री के एसपी सम्मेलन में भाग लेने वाले कई एसपी कोविड संक्रमित होने के बाद अब विभिन्न जिलों में शीर्ष पुलिस अधिकारी से लेकर जवानों तक कोविड संक्रमण फैल रहा है। पिछले सप्ताह में गुवाहाटी  पुलिस आयुक्तालय में 40 से अधिक अधिकारी तथा जवान कोविड संक्रमित हुए हैं। कोविड संक्रमितों में एडीसीपी शुभाशीष बरुवा, एडीसीपी पल्लव तामुली, एडीसीपी देवाशीष बोरा, एसीपी पृथ्वीराज राजखोवा, जालुकबाड़ी थाना प्रभारी रूपक कुमार बोरा, इंसपेक्टर रुस्तम राज ब्रह्म, सब इंसपेक्टर परिमल सरकार, सब इंसपेक्टर मानिक सरकार, सहकारी सब इंसपेक्टर भवेन मेधी सहित कई जवान तथा होमगार्ड शामिल हैं। गुवाहाटी की तरह ही अन्य जिलों में भी पुलिस अधिकारियों तथा जवानों में कोविड संक्रमण फैल रहा है। शीर्ष अधिकारियों के संक्रमित होने के कारण जिलों में शांति-शृंखला जनित परिस्थिति खराब होने पर संभालने के लिए नेतृत्व देनेवालों का अभाव देखा जा रहा है। मामलों की जांच प्रक्रिया भी धीमी पड़ गई है। नगांव जिले में पुलिस अधीक्षक आनंद मिश्र सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा उप पुलिस अधीक्षक कोविड संक्रमित हुए हैं जिसके कारण मुख्यमंत्री के नगांव के दौरे में खुद उपायुक्त को यातायात का नियंत्रण करना पड़ा था। दुलियाजान के एसपी सम्मेलन में भाग लेने के बाद गृह विभाग के आयुक्त सचिव एमएस मणिवन्नन, विशेष शाखा के अतिरिक्त संचालक प्रधान हीरेन नाथ, मध्य मंडल के  डीआईजी सत्यराज हजारिका, सीआईडी के पुलिस अधीक्षक प्रणवज्योति गोस्वामी, बक्सा जिले के एसपी राजेन सिंह, ग्वालपाड़ा के एसपी वी राकेश रेड्डी, शोणितपुर के एसपी धनंजय घनावट, शदिया के एसपी मोहनलाल मीणा, डिमा हसाओ के एसपी जयंत सिंह, होजाई के एसपी वरुण पुरकायस्थ और विशेष शाखा के एसपी विपुल दास भी कोविड संक्रमित हुए थे।