पोर्ट लुइस : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने संयुक्त रूप से मॉरीशस में भारत-सहायता प्राप्त सामाजिक आवास इकाई परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर दो अन्य प्रोजेक्ट भी लांच किए। इस दौरान मॉरीशस के पीएम प्रविंद कुमार जगन्नाथ के बताया कि मेट्रो एक्सप्रेस परियोजना के लिए भारत के समर्थन का आभार व्यक्त करने के लिए मेरी सरकार ने एक प्रमुख मेट्रो स्टेशन का नाम ‘महात्मा गांधी’ स्टेशन रखने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और मॉरीशस इतिहास, संस्कृति, भाषा और हिंद महासागर के साझा जल से एकजुट हैं। आज हमारी मजबूत विकास साझेदारी हमारे घनिष्ठ संबंधों के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरी है। अपनी 2015 की यात्रा के दौरान मॉरीशस में मैंने भारत के समुद्री सहयोग के दृष्टिकोण ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ को रेखांकित किया था। मुझे इस बात की खुशी है कि समुद्री सुरक्षा सहित हमारे द्विपक्षीय सहयोग ने इस दृष्टिकोण को क्रियान्वित किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम करेंगे। जैसे कि क्षेत्रीय प्रत्यारोपण इकाई, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, राष्ट्रीय पुस्तकालय और अभिलेखागार, मॉरीशस पुलिस अकादमी,और कई अन्य। भारत हमेशा मॉरीशस के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि मॉरीशस पहला देश था, जिसे भारत ने वैक्सीन मैत्री के तहत कोविड-19 के टीके भेजे। उन्होंने खुशी जताई कि आज मॉरीशस उन देशों में है जिसने अपनी तीन-चौथाई आबादी का पूरी तरह टीकाकरण कर दिया है। इस अवसर पर मेट्रो एक्सप्रेस परियोजना और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भारत से मॉरीशस को 19 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कर्ज सुविधा (एलओसी) देने पर समझौता किया गया। साथ ही छोटी विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी आदान-प्रदान किया गया।
मॉरीशस में मेट्रो स्टेशन का नाम महात्मा गांधी को समर्पित