गुवाहाटी : असम कैबिनेट ने वृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के काफिले का आकार अब से केवल छह वाहनों तक कम करने को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि राज्य में वीआईपी संस्कृति के कारण सार्वजनिक असुविधा को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस संदर्भ में कैबिनेट मंत्री केशव महंत ने  कहा कि सार्वजनिक असुविधा को कम करने के लिए मुख्यमंत्री के काफिले को गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के भीतर छह वाहनों तक और अन्य क्षेत्रों या जिले में 12 वाहनों तक सीमित किया जाएगा। इस व्यवस्था के कारण मुख्यमंत्री की सड़क यात्रा के दौरान यातायात बाधित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो, तो यातायात को अब से 2 मिनट से अधिक की अवधि के लिए रोका जा सकता है। सीएम के काफिले पर तरजीह देने के लिए एंबुलेंस की आवाजाही बंद नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि नए साल की शुरूआत में मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत के दौरान सीएम शर्मा ने जानकारी दी थी कि वे राज्य में वीआईपी संस्कृति को समाप्त करना चाहते हैं और अपने काफिले के आकार को भी कम करना चाहते हैं। कुछ दिन पहले सीएम शर्मा ने उनकी यात्रा के दौरान यातायात रोकने के लिए नगांव जिले के डीसी को फटकार लगाई थी।