नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं और बारहवीं बोर्ड की टर्म-2 परीक्षाओं की तारीख जारी कर दी गई है। बोर्ड ने आधिकारिक नोटिस जारी करते हुए बताया है कि टर्म 2 परीक्षाएं 26 अप्रैल, 2022 से शुरू होंगी। बोर्ड का यह नोटिस आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्र यहां जाकर नोटिस को पढ़ सकते हैंऔर आगे की जरूरत के लिए डाउनलोड भी कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा की तारीखों का विस्तृत शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। छात्र अधिक जानकारी और नए अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बना कर रखें। सीबीएसई ने बताया कि कोरोना महामारी के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए इस साल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं दो सत्र टर्म-1 और टर्म-2 में आयोजित की जा रही हैं। टर्म-1 परीक्षा का आयोजन हाल ही में पूरा कर लिया गया है। बोर्ड ने विचार-विमर्श और देश में कोरोना महामारी की स्थिति देखने के बाद टर्म-2 परीक्षाओं का आयोजन ऑफलाइन मोड में आयोजित करने का फैसला किया है।