पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : पुलिस एनकाउंटर में असम देश के तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर है छत्तीसगढ़ और दूसरे स्थान पर उत्तरप्रदेश है। इन दो राज्यों के बाद असम में पुलिस एनकाउंटर में सर्वाधिक लोगों की मौत हुई हैं। लोकसभा में भाजपा सांसद वरुण गांधी के सवाल के जवाब में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अपने जवाब में कहा कि 2017 के 1 जनवरी से 2022 के 31 जनवरी तक देश भर में पुलिस एनकाउंटर में 655 लोगों की मौत हुई है जिनमें से असम में 50 लोगों की मौत हुई है। पुलिस की गोलियों से हुई 191 मौत से छत्तीसगढ़ तालिका के शीर्ष स्थान पर है। इसके बाद 111 की मौत से उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर और 50 मौत से असम तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा झारखंड में 49, उडीसा में 36, जम्मु और कश्मीर में 35, महाराष्ट्र में 26, बिहार में 22, हरियाणा में 15, तमिलनाडु में 14 तथा अरुणाचल, मध्यप्रदेश और तेलेंगना में 13-13 लोगों की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। असम के पड़ोसी राज्य मेघालय में 9, मणिपुर में 4, पश्चिम बंगाल में 3 तथा नागालैंड में 2 लोगों की पुलिस एनकाउंटर में मौत हुई है। मिजोरम में एक भी एनकाउंटर नहीं हुआ है।