गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज जनता भवन स्थित मुख्यमंत्री के सभागार में पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पलटन बाजार की दिशा से गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित द्वितीय प्रवेश द्वार  के लिए आवश्यक भूमि के आवंटन पर असम राज्य परिवहन निगम के पदाधिकारियों को पूसी रेलवे के साथ चर्चा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कामाख्या रेलवे स्टेशन से कामाख्या मंदिर को जोड़कर निर्माण होने वाले प्रस्तावित रोपवे परियोजना के लिए शीघ्र ही आवश्यक एनओसी देने के लिए कामरूप मेट्रो जिले के उपायुक्त को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 80 स्थानों की पहचान की है। लेकिन कुछ असुविधाओं के लिए इनमें से कुछेक स्थानों में निर्माण कार्य जारी है। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री ने रेलवे और अन्य भागीदारियों के साथ नियमित संपर्क से असुविधाओं को तत्काल दूर करने के लिए पहल छेड़ने का लोकनिर्माण विभाग को निर्देश दिया। राज्य में विभिन्न रेल परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार और रेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक कंपनी की स्थापना, बीटीआर में एक रेल डिब्बे निर्माण कारखाने की स्थापना, राज्य में प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना के सुगम क्रियान्वयन आदि पर भी  रेल मंत्रालय के साथ राज्य सरकार लगातार संपर्क जारी रखी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव समीर कुमार सिन्हा केसाथ राज्य सरकार के लोकनिर्माण विभाग व  पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के शीर्ष पदाधिकारीगण उपस्थित थे।