गुवाहाटी : पूर्व मुख्यमंत्री तथा मौजूदा केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के बीच माजुली उपचुनाव के दलीय उम्मीदवार के चयन को लेकर शीत युद्ध जारी है। परिणामतः अब तक माजुली उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार का नाम प्रकाशित नहीं हो पाया है। सोनोवाल व डॉ. शर्मा इस मामले में सहमत नहीं होने के कारण अब दिल्ली ही माजुली के उम्मीदवार का नाम तय करेगा। अपने करीबी होने के नाते सोनोवाल ने माजुली से भुवन नाथ को चुनावी टिकट देने को इच्छुक हैं, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने भुवन नाथ के नाम पर सहमति नहीं जताई है। दोनों के बीच जारी मतैक्य के कारण अब दूसरे चेहरे की तलाश जारी है, जिसे दोनों सहमति दे सकते हैं। उल्लेखनीय है कि माजुली के उपचुनाव के लिए भाजपा 12 फरवरी को उम्मीदवार के नाम घोषणा करने वाली थी। लेकिन अब इसमें अनिश्चयता दिखाई दे दी है। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री ने कहा कि माजुली में हमारे तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार है। पैनल कल तक दिल्ली भेज दिया जाएगा। 16 फरवरी को हमारे उम्मीदवार नामांकन भरेंगे। प्रत्याशी का नाम दिल्ली घोषणा करेगा। यह 16 फरवरी के भीतर हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा माजुली में राजनीतिक रूप से काफी तत्पर दिखे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद तीन बार माजुली का दौरा कर चुके हैं।
टिकट को लेकर हिमंत-सोनोवाल के बीच शीत युद्ध जारी