मुंबई : हफ्ते के पहले दिन निवेशकों को भारी घाटा हुआ है। सोमवार को मार्केट कैप में 8.29 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है। शुक्रवार को यह 263.47 लाख करोड़ रुपए था जो आज 255.11 लाख करोड़ रुपए रहा। दो दिनों में इसमें 12 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। शुक्रवार को यह 4 लाख करोड़ घटा था।  साल 2022 की यह शेयर बाजार की सबसे बड़ी गिरावट है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल टीसीएस ही बढ़त में रहा, बाकी 29 शेयरों में गिरावट रही। टीसीएस का शेयर 1.05 प्रतिशत बढ़ा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई)) का सेंसेक्स 1,747 पॉइंट्स (3 प्रतिशत) टूटकर 56,405 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 531 अंक (3.06 प्रतिशत) गिर कर 16,842 पर बंद हुआ। पेटीएम का शेयर 4.7 प्रतिशत टूटकर 863 रुपए, नायका का शेयर 7.78प्रतिशत गिर कर 1,515 और जोमैटो का स्टॉक 6.82प्रतिशत गिर कर 82.70 रुपए पर बंद हुआ। इन तीनों नई उम्र की कंपनियों का यह सबसे निचला स्तर है। स्माल और मिड कैप इंडेक्स 4-4 प्रतिशत टूटे हैं। गिरावट का मुख्य कारण यूक्रेन और रूस के बीच तनाव है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 7 साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गई हैं। यह 93 डॉलर प्रति बैरल के पार हैं। बाजार में यह भी अनिश्चितता है कि एलआईसी का आईपीओ कैसा रहेगा। सरकार अब तक का सबसे बढ़ा आईपीओ लेकर आ रही है और फाइनेंशियल सेक्टर में यह सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी होगी। आज सेंसेक्स शुक्रवार से 1,432 अंक नीचे 56,720 पर खुला था। इसने 57,191 का ऊपरी स्तर और 56,295 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में केवल टीसीएस ही बढ़त में रहा, बाकी 29 शेयरों में गिरावट रही। बैंकिंग शेयर्स जमकर टूटे हैं। एसबीआई 5.2 प्रतिशत, एचडीएफसी 5.3 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 4.50प्रतिशत टूटा है। इनके अलावा टाटा स्टील का स्टॉक सेंसेक्स में सबसे ज्यादा 5.49प्रतिशत गिरा जबकि इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक और मारुति के शेयर्स 4-4प्रतिशत से ज्यादा गिरे हैं। लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, एयरटेल, विप्रो, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनपीटीसी, अल्ट्राटेक, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के स्टॉक 3-3प्रतिशत से ज्यादा गिरे हैं। शेयर मार्केट में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 255.61 लाख करोड़ रुपए रह गया, जो शुक्रवार को 263.47 लाख करोड़ रुपए था। एशियन पेंट्स का स्टॉक 2प्रतिशत जबकि टाइटन, रिलायंस, सनफार्मा और नेस्ले के भी शेयर नीचे रहे। सेंसेक्स के 256 स्टॉक अपर और 764 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनमें एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट आ सकती है और न बढ़त हो सकती है। इसके कुल शेयर्स में से 2980 स्टॉक गिरावट में रहे और 571 बढ़त में रहे। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 531 पॉइंट्स गिरकर 16,842 पर बंद हुआ। यह 17,076 पर खुला था और 16,809 का निचला तथा 17,099 का ऊपरी स्तर बनाया। इसका नेक्स्ट 50 इंडेक्स 3प्रतिशत टूटा है जबकि मिडकैप, बैंकिंग और फाइनेंशियल इंडेक्स 4-4प्रतिशत से ज्यादा गिरा है। निफ्टी के 50 स्टॉक में से केवल 1 बढ़त में है जबकि 49 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में केवल  टीसीएस है।