कीव :भारत ने अपने नागरिकों को अस्थायी रूप से यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है। कीव में मौजूद भारतीय दूतावास ने खासतौर पर यूक्रेन में मौजूद भारतीय छात्रों को स्वदेश लौटने के लिए कहा है। यह सलाह यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव के युद्ध में बदलने की आशंका के कारण दी गई है। इस तनाव के कारण अमरीका, ब्रिटेन, नॉर्वे, जापान, लातविया और डेनमार्क पहले ही अपने नागरिकों को यूक्रेन छो?ने के लिए कह चुके हैं। बता दें कि यूक्रेन में 20 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स स्टडी कर रहे हैं। इधर, देश लौटने के लिए यूक्रेन में मौजूद भारतीय छात्रों का कहना है कि वो डरे हुए हैं और देश लौटना चाहते हैं। सरकार की ओर से जानकारी नहीं मिल पा रही है। फ्लाइट का किराया भी तीन गुना से ज्यादा हो गया है। छात्रों ने बताया कि 70 हजार का किराया अचानक से 2 लाख के करीब पहुंच गया है। अकेले खारकीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में ही दो हजार छात्र हैं। खारकीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी रूस बॉर्डर से सिर्फ 35 किलोमीटर दूर है। छात्रों को डर है कि अगर वो खुलकर अपनी बात रखेंगे तो यूनिवर्सिटी प्रशासन उन्हें एक्सपेल कर सकता है। छात्र काफी पैसा खर्च करके यहां दाखिला लेता हैं। खारकीव नेशनल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बताया कि ईमानदारी से कहें तो यहां कुछ भी नहीं हो रहा है। हमें सिर्फ अपनी जान का डर है और कुछ नहीं। यहां सबकुछ सामान्य है। हम चाहते हैं कि हमारी सरकार कुछ करें क्योंकि हम नहीं जानते हैं कि युद्ध होगा या नहीं। लेकिन बीती रात यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर जो संदेश पोस्ट किया है उसके बाद से भारतीय छात्रों में डर का माहौल है। चौराहों पर टैंकों की तस्वीरें उन तक पहुंच रही हैं, जिन्हें देखकर उन्हें डर लग रहा है। कुछ छात्रों का कहना है- वो हेलीकॉप्टरों की आवाज सुन सकते हैं। अभी हमें नहीं पता है कि क्या हो रहा है। यहां बहुत सी अफवाहें भी फैल रही हैं। हम नहीं चाहते कि कोई अफवाह फैले या डर का कोई माहौल बने। भारतीय दूतावास ने यूक्रेन छोड़ने के लिए एक एडवाइजरी लेटर यूक्रेन में मौजूद भारतीयों को भेजा है। लेटर में कहा गया है कि यूक्रेन के मौजूदा अनिश्चित माहौल को देखते हुए भारतीय नागरिकों, खासकर छात्रों को यूक्रेन छोड़कर अस्थायी तौर पर स्वदेश लौटने की सलाह दी जा रही है। लेटर में आगे कहा गया है कि भारतीय नागरिक बिना किसी जरूरी काम के यूक्रेन की यात्रा न करें और वहां मौजूद नागरिक भी अनावश्यक घर से बाहर न जाएं।
यूक्रेन-रूस संकट : 20 हजार से ज्यादा भारतीय छात्रों को यूक्रेन छोड़ने की एडवाइजरी