डिब्रूगढ़ : राज्य में औद्योगिक उत्थान प्रदान करने वाले ब्रह्मपुत्र क्रैकर एंड पॉलीमर लिमिटेड (बीसीपीएल) ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ट्रस्ट, कोलकाता के साथ हल्दिया डॉक कॉम्पलेक्स से डिब्रूगढ़ में स्थापित बीसीपीएल के पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स के लिए कार्गो की आवाजाही  के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किया। बंदरगाह के अधिकार क्षेत्र में आयातित फीड स्टॉक के भंडारण के लिए टैंकेज स्थापित करने और हल्दिया डॉक कॉम्पलेक्स से असम में बीसीपीएल संयंत्र के लिए आवश्यक फीडस्टॉक व कच्चे माल आदि की आवाजाही के लिए एक सुव्यवस्थित लॉजिस्टिक श्रृंखला स्थापित करने  के लिए  जगह प्रदान की जाएगी। आयुष मंत्रालय और बंदरगाह,जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री  सर्वानंद सोनोवाल तथा बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर की उपस्थिति में बीसीपीएल के महाप्रबंधक (प्रचालन प्रभारी) प्रांजल चांगमाय और एसएम पोर्ट ट्रस्ट की ओर से महाप्रबंधक (ट्रेफिक), एचडीसी/एसएमपीआर अभय कुमार महापात्र ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बीसीपीएल के प्रबंध निदेशक रीप हजारिका, उप महाप्रबंधक सुरजीत नेउग तथा एसएमपीके के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भारत-बांग्लादेश प्रोटोकॉल मार्ग के माध्यम से पांडु के लिए निर्धारित स्टील कॉर्गो की पहली यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किए। भविष्य में अंतर्देशीय जलमार्ग कनेक्टिविटी को बोगीबील तक विस्तारित करने की परिकल्पना की गई, जो डिब्रूगढ़ के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र व्यापार और वाणिज्य को विस्तारित करेगा। केंद्रीय मंत्री सोनोवाल अपने मंत्रालय के माध्यम से बुनियादी ढांचा कनेक्टिविटी परियोजनाओं को कार्यान्वित करने का प्रयास कर रहे हैं,जो कि प्रधामनंत्री की ओर से  शुरू की गई पीएम गति शक्ति के तहत कार्यान्वित किया जा रहा है। वह इस प्रकार की पहलों के साथ राज्य और पूर्वोत्तर क्षेत्र को विकसित करने के लिए प्रयासरत है।