नई दिल्लीः मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने बुधवार को बताया कि असम और मेघालय छह जगहों पर अपना सीमा विवाद सुलझाने पर राजी हो गए हैं और छह अन्य जगहों पर भी समाधान जल्द निकालने को तैयार हैं। असम का 1972 में पुनर्गठन कर दो राज्य असम तथा मेघालय बनाए गए। हालांकि मेघालय ने असम पुनर्गठन कानून, 1971 को चुनौती दी है जिसके कारण दोनों राज्यों के बीच की 884.9 किलोमीटर लंबी सीमा में 12 जगहों पर विवाद पैदा हो गया है। संगमा ने बताया कि दोनों राज्य विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि असम और मेघालय के बीच छह स्थानों को लेकर चर्चा हुई और उनके बीच सहमति बन गयी है।  डॉ. संगमा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत ने पिछले महीने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर आपस में हुई चर्चा के निष्कर्ष से उन्हें अवगत कराया था। संगमा ने कहा कि उन्होंने केन्द्र सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी है और उन्हें आशा है कि केन्द्र जल्दी ही दोनों राज्यों को बुलावा भेजेगा। उन्होंने कहा कि जब हम आएंगे तो पक्का ही इन छह स्थानों पर विवाद को सुलझा लेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि भारत की स्वतंत्रता की 75वें वर्षगांठ से पहले बाकी छह जगहों पर विवाद को भी सुलझा लिया जाए। सूत्रों ने बताया कि असम और मेघालय सरकारों के बीच गांवों को लेकर सहमति बनी है और उन्होंने नदियों और जंगलों जैसी प्राकृतिक सीमाओं की पहचान की है।