गुवाहाटी : लताशील थानांतर्गत खारगुली की दो युवतियां अल्फा (आई) में शामिल हो गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार खारगुली की रहने वाली दो युवतियां पिछले मंगलवार से लापता हैं, इस संदर्भ में परिजनों ने पुलिस में एक मामला भी दर्ज कराया था। पुलिस की कार्रवाई के बीच आज गुरुवार को दोनों युवतियों के अल्फा (आई) में शामिल  होने की खबर मिली है। इन दोनों युवतियों की पहचान सरस्वती दास व रुमि डेका के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवतियां डिब्रूगढ़ को रवाना हुई थीं, जिसके बाद उनसे संपर्क नही हो पाया था, वही परिवार ने बताया पिछले एक लंबे समय से दोनों युवतियां अल्फा के प्रति आकर्षित थीं। दोनों अल्फा से जुड़ीं पुस्तकें व अखबार रोजाना पढ़ती थीं। अल्फा (आई) में शामिल होने का कारण दोनों युवतियों की आर्थिक तंगी बताई जा रही है। बता दे कि दोनों युवतियां उच्चत माध्यमिक तक पढ़ी हुई हैं और  एक निजी कंपनी में काम कर रही थीं।