गुवाहाटी : राज्य सरकार ने असम के कई विद्यालयों में बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को नियुक्ति दी है। राज्य के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने 18 जनवरी को बाहरी राज्यों के छह उम्मीदवारों को असमिया माध्यम के विद्यालयों में नियुक्ति दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार असमिया भाषा-संस्कृृति के बारे थोड़ी-सी भी जानकारी न रखने वाले हरियाणा के संदीप संदार को असमिया माध्यम के काकोपथार के नं. 1 हातीगढ़ प्राथमिक विद्यालय में तथा उत्तर प्रदेश के कृृष्ण कुमार को कासीजान प्राथमिक विद्यालय में नियुक्ति दी गई है। शोणितपुर जिले के बंकामारी प्राथमिक विद्यालय में हरियाणा के ब्रजमोहन कौर को नियुक्ति दी गई है। असमिया भाषा के ज्ञान के बिना ये शिक्षक किस प्रकार असमिया माध्यम के विद्यालयों में कैसे पाठदान करेंगे इसको लेकर सवाल उठाए गए हैं। असम जातीयतावादी युवा-छात्र परिषद ने इस संदर्भ में कड़ा रुख अपनाया है। परंतु राज्य के शिक्षामंत्री डॉ. रणोज पेगु ने शुक्रवार को बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों की नियुक्ति के संदर्भ में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 2018 में प्रकाशित विज्ञापन के तहत इन उम्मीदवारों को 2020 के जनवरी महीने में नियुक्ति दी गई थी। इन उम्मीदवारों ने गुवाहाटी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी और उसके आधार पर हाईकोर्ट ने उनकी नियुक्ति का निर्देश दिया था। एक लंबी प्रक्रिया के बाद ये नियुक्तियां दी गई है। शिक्षामंत्री ने यह भी कहा कि हमें एक संविधान के अनुसार चलना है। हम सबका देश एक ही है। मौलिक अधिकारों के आधार पर अदालत ने उन्हें नियुक्ति देने का निर्देश दिया है। ये नियुक्तियां उनकी संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आगे कहा कि हाईकोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि जिस माध्यम के विद्यालय में उनकी नियुक्ति होगी उस माध्यम भाषा की परीक्षा ली जा सकेगी। इस आधार पर हम उनकी माध्यम भाषा के ज्ञान की परीक्षा लेंगे।