बेंगलुरु : कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर पर हत्या कर दी गई। मारे गए युवक की पहचान 26 साल के हर्ष के तौर पर हुई। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया है कि मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में 5 आरोपी हैं, जांच जारी है। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। बता दें कि हर्ष के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं जब परिजन और बजरंग दल के कार्यकर्ता शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे तो शव यात्रा में हिंसा भी हुई। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की मौत के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने की मांग की है। इस घटना के बाद से इलाके में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, इसके चलते पुलिस को कई जगहों पर भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। सुरक्षा के चलते शहर में धारा 144 लागू की गई है। भाजपा नेता बी एल संतोष ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर्ष की हत्या एंटी हिजाब प्रोटेस्ट की वजह से हुई है। कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि पिछले हफ्ते जब हिजाब विवाद शुरू हुआ था, तब मैंने पहले ही ऐसा कुछ  होने का अंदेशा जताया था। अब एक लड़के की मौत हो गई है। कांग्रेस और बीजेपी अब खुश हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने राज्य की शांति को भंग कर दिया है। कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, पुलिस को सबूत मिले हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मेरी लोगों से अपील है कि शांति बनाए रखें। कर्नाटक में बजरंग दल के सदस्य हर्ष की हत्या के बाद शिवमोगा में एक वर्ग विशेष के व्यक्ति की दुकानों पर हमला किया गया। यहां भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। वारदात के बाद के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। शहर के सीगेहट्टी इलाके में उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी। बढ़ते हंगामे के मद्देनजर शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। शिवमोगा में दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कल हर्ष की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कल रात से ही चल रही जांच में कुछ सबूत जुटाए गए हैं। कर्नाटक के रूरल डेवलपमेंट और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने हर्ष की हत्या के मामले में चौंकानेवाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत से बेहद दुखी हूं। हर्ष की हत्या मुस्लिम गुंडों ने की है। मैं अभी हालात का जायजा लेने के लिए शिवमांगा जा रहा हूं। हम गुंडागर्दी की इजाजत नहीं देंगे। ईश्वरप्पा ने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मुस्लिम गुंडों को इस हत्या के लिए उकसाया था। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने हर्ष की हत्या के मामले से अपना कोई कनेक्शन होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कर्नाटक सरकार के मंत्री ईश्वरप्पा को पद से हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने इस हत्या के हिजाब विवाद से जुड़े होने की किसी भी अटकल को भी खारिज कर दिया। भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि  मुझपर आरोप लगाया गया है मैंने बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के लिए ‘मुस्लिम गुुंडों’ को उकसाया। ईश्वरप्पा के पास कॉमन सेंस नहीं है। उन्होंने पहले ही भारतीय झंडे का अपमान किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए और उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने देश और तिरंगे का अपमान किया है। मारे गए युवक का नाम हर्ष है और उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शाल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी।मारे गए युवक का नाम हर्ष है और उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शाल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी। इधर, राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र मारे गए बजरंग दल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि 4-5 युवकों के समूह ने एक 26 साल के युवक की हत्या कर दी। इस हत्या के पीछे किस संगठन का हाथ है, यह अभी नहीं कहा जा सकता।