गुवाहाटी : राष्ट्रपति के असम भ्रमण के संदर्भ में गुवाहाटी नगर निगम के आयुक्त और यान-वाहन उप पुलिस आयुक्त ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में 25 फरवरी को राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान गुवाहाटी के निवासियों से नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए अपील की गई। राष्ट्रपति के भ्रमण मार्ग पर स्थित दुकानों को अपने क्षेत्र की साफ-सफाई का ध्यान रखने के लिए भी कहा गया। हो सके तो राष्ट्रपति के आने के समय पर कुछ देर के लिए दुकान बंद रखने का भी अनुरोध किया गया। उल्लेखनीय है कि इस संदर्भ में कोई सरकारी निर्देश नहीं दिया जाएगा। फुटपाथ पर के दुकानों को भी श्रृंखलाबद्ध तरीके से रखने के लिए अनुरोध किया गया। राष्ट्रपति के भ्रमण के कारण 25 फरवरी को गुवाहाटी में यातायात के लिए लोगों को पथ बदलना पड़ेगा। उस दिन निचले असम से गुवाहाटी आने वाले वाहनों को जालुकबाड़ी से शहर के अंदर आने नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुवाहाटी में प्रवेश करना होगा। 25 फरवरी की सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक एटी रोड, एमजी रोड, तैयबुल्ला रोड, बी बरुवा रोड, जीएस रोड, पंजाबाड़ी रोड में वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कामाख्या दर्शन के लिए मालीगांव होकर नए मार्ग से जाना पड़ेगा। सुबह 6ः30 बजे से अपराह्न 2 बजे तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा।
राष्ट्रपति का असम भ्रमण : फुटपाथ की दुकानों को बंद रखने का निर्देश