मॉस्को/कीव : यूक्रेन पर लगातार चौथे दिन भी रूस का हमला जारी है। इसी बीच यूक्रेन ने दावा किया है कि अब तक लड़ाई में लगभग 4,300 रूसी सैनिक मारे गए हैं। साथ ही लगभग 146 टैंक, 27 विमान और 26 हेलीकॉप्टर को तबाह कर दिया गया है। रूस और यूक्रेन की जंग जारी है। इस बीच एक बड़ा डेवलपमेंट सामने आ रहा है। इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट ने रविवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बातचीत की। इसके पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की भी बेनेट से बातचीत कर चुके हैं। जेलेंस्की ने बेनेट से अपील की थी कि वो रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता करें। हालांकि, ऑफिशियली अब तक इजराइल ने मध्यस्थता करने संबंधी कोई बयान नहीं दिया है। रूस और यूक्रेन की जंग के बीच नॉर्थ कोरिया ने अमेरिका पर तंज कसा। नॉर्थ कोरिया की फॉरेन मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा- रूस और यूक्रेन के बीच विवाद की असली जड़ या कारण अमेरिका है। वो दूसरे देशों के अंदरूनी मामलों में दखलंदाजी करता है और  इसे अमन की कोशिश करार देता है। अमरीका को यह समझ लेना चाहिए कि वो दिन लद गए जब वो सबसे ताकतवर हुआ करता था। जापान के अरबपति हिरोशी मिकी मिकीतानी ने यूक्रेन को 87 लाख डॉलर डोनेट करने का ऐलान किया है। मिकी के नाम से मशहूर हिरोशी ने कहा- रूस का हमला एक और नजर से देखा जाना चाहिए। वास्तव में यह हर लोकतंत्र के लिए एक चुनौती है और हर डेमोक्रेसी को इसका मिलकर मुकाबला करना चाहिए। मिकी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की को एक लेटर भी लिखा है। जेलेंस्की ने कहा कि बेशक हम शांति चाहते हैं, हम मिलना चाहते हैं, हम चाहते हैं कि युद्ध समाप्त हो। हमने वारसॉ, ब्रातिस्लावा, बुडापेस्ट, इस्तांबुल, बाकू में बातचीत करने की पेशकश की है। इस बीच रूस की सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में दाखिल हो गई है। वहीं, कीव के बाहर यूक्रेनी सेना ने रूस की तरफ से लड़ रहे चेचेन स्पेशल फोर्स के टॉप जनरल को मार गिराया है। ब्रिटेन की फॉरेन मिनिस्टर लिज ट्रूस ने एक बड़ा ऐलान किया है। लिज ने कहा- हमारी सरकार ब्रिटेन के उन नागरिकों की मदद करेगी जो यूक्रेन जाकर रूस के खिलाफ जंग में हिस्सा लेने चाहते हैं। अगर रूस ने घुसपैठ बढ़ाई और बंद नहीं की तो उसके नेताओं और मिलिट्री जनरलों पर वॉर क्राउम के तहत केस दायर किए जाएंगे।