कीव : दुनिया का सबसे लंबा कार्गो प्लेन एंटोनोव  यूक्रेन में रूसी हमले के दौरान नष्ट हो गया है। यह विमान यूक्रेन की राजधानी कीव के पास एक एयरफील्ड में पार्क किया गया था। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि वे इसकी मरम्मत कराएंगे। इस विराट विमान का नाम म्रिया है, जिसका यूक्रेनी भाषा में मतलब होता है- सपना। यूक्रेनी विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने ट्विटर पर लिखा- रूस ने भले ही हमारे म्रिया को नष्ट कर दिया हो, लेकिन वह कभी भी मजबूत, आजाद और डेमाक्रेटिक राष्ट्र के हमारे सपने को नहीं तोड़ पाएगा। हम जरूर   जीतेंगे। मैक्सर टेक्नोलॉजी की सैटेलाइट इमेज में होस्टोमेल एयर बेस के हैंगर को हुआ नुकसान देखा जा सकता है। यहीं पर को स्टोर किया गया है। एंटोनॉव कंपनी ने एक ट्वीट करके बताया कि वे तब तक एयरक्राफ्ट की टेक्निकल कंडीशन को वेरिफाई नहीं कर सकते, जब तक एक्सपर्ट्स उसका निरीक्षण नहीं कर लेते। यूक्रेन की स्टेट डिफेंस कंपनी यूक्रोबोरोनप्रोम ने रविवार को एक बयान जारी करके बताया कि एयरक्राफ्ट को नष्ट कर दिया गया है लेकिन उसे रूसी खर्च पर फिर से तैयार किया जाएगा। इसमें करीब 3 अरब डॉलर का खर्च आएगा। इस काम में 5 साल का समय लगेगा। कंपनी ने आगे कहा कि हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि इसकी मरम्मत में आना वाला सारा खर्च रूसी फेडरेशन उठाए क्योंकि उसने यूक्रेन के एविएशन सेक्टर और एयर कार्गो सेक्टर को भारी नुकसान पहुंचाया है।