पेशावर : पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी शहर पेशावर में जुमे (शुक्रवार) की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद में शक्तिशाली आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 57 लोगों की मौत हो गई और तकरीबन 200 लोग जख्मी हो गए। यह अफगानिस्तान की सरहद से लगते अशांत प्रांत में सबसे घातक हमलों में से एक है। एक बचाव अधिकारी ने बताया कि विस्फोट किस्सा ख्वानी बाजार इलाके में स्थित जामिया मस्जिद में उस वक्त हुआ जब लोग जुमे की नमाज अदा कर रहे थे। अफगानिस्तान की सीमा से लगते खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत की राजधानी पेशावर में विस्फोट की जिम्मेदारी किसी भी समूह ने फौरन नहीं ली है। मगर इस्लामिक स्टेट और कट्टरपंथी आतंकवादी समूह अतीत में शिया समुदाय पर घातक हमलों की जç¸म्मेदारी ले चुके हैं। लेडी रीडिंग अस्पताल (एलएचआर) के मीडिया प्रबंधक आसिम खान ने पुष्टि की कि विस्फोट में कम से कम 57 लोगों की मौत हुई है और 194 लोग जख्मी हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वाह सरकार के प्रवक्ता बैरिस्टर मोहम्मद अली सैफ ने बताया कि यह विस्फोट आत्मघाती हमला था और हमले में दो आतंकवादी शामिल थे। मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए पेशावर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभियान) हारून रशीद खान ने कहा कि आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। उन्होंने कहा कि दो हमलावर थे जिनमें से सिर्फ एक ही आत्मघाती था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि आत्मघाती हमलावर काले रंग के कपड़े पहने हुए था और जैसे ही वह मस्जिद में घुसा, उनसे पहले सुरक्षा कर्मी की गोली मारकर हत्या की और फिर पांच-छह गोलियां चलाईं। प्रत्यक्षदर्शी ने ‘जियो न्यूज’ से कहा कि इसके बाद, वह (मस्जिद) के मुख्य हॉल में आया और मिम्बर (वह स्थान जहां इमाम बैठकर बयान देते हैं) के सामने खुद को उड़ा लिया। इसके बाद वहां शव और जख्मी लोग पड़े हुए थे।