पटना/भागलपुर :  बिहार के भागलपुर जिले में एक मकान के अंदर हुए भीषण विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई और अन्य 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट के कारण आसपास के कई मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।  राज्य पुलिस प्रमुख एस. के. सिंघल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विस्फोट से हुई जनहानि पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बातचीत कर वहां जारी राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया।पुलिस महानिदेशक सिंघल ने ततारपुर थाना क्षेत्र के काजबलीचक इलाके में हुए विस्फोट के लिए अवैध पटाखा कारोबार को जिम्मेदार ठहराया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक ट्वीट में कहा कि बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु¸ड़े हालात पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है और पीडç¸तों को हर संभव सहायता दी जा रही है।मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कुमार ने मुख्य सचिव आमिर सुभानी और पुलिस महानिदेशक सिंघल को विस्तृत जानकारी लेने के लिए तलब किया तथा घायलों के उचित इलाज और गहन जांच के बाद उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।बाद में, सिंघल ने पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विस्फोट बृहस्पतिवार को देर रात हुआ और करीब 10 घंटे के प्रयास के बाद मलबा साफ कर लिया गया।उन्होंने कहा कि मलबे से निकाले गए और गंभीर रूप से घायल दस लोगों का भागलपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।