गुवाहाटी/डिब्रूगढ़ : रविवार को नगर निकाय चुनावों में 75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। छिटपुट घटनाओं व राजनीतिक वार-पलटवार  के बीच आज हुए राज्य के 80 नगर पालिकाओं के लिए  चुनाव संपन्न हो गया।  उल्लेखनीय है कि 36 जिलों के 977 वार्डों में आज सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि नगर पालिका चुनाव की मतदान प्रक्रिया जारी रहने के समय राज्य के विभिन्न स्थानों परं छितपुट घटनाएं भी घटीं। कहीं मतदान में रिगिंग के आरोप में समर्थकों के बीच कहासुनी हुई तो कहीं समर्थकों में वाद-विवाद भी दिखा। चबुवा में अगप-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच वाद-विवाद होने के अलावा होजाई में कार्यकर्ताओं के मतदान केंद्र में प्रवेश को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच झड़प दिखाई दी। बोको में कांग्रेस व निर्दलीय समर्थकों के बीच मारपीट की घटना घटी। मंगलदै में अगप के समर्थक को मतदान केंद्र में प्रवेश किए जाने पर कांग्रेस ने विरोध किया। चापर में मतदान केंद्र में उत्तेजना के माहौल उत्पन्न होने के कारण लगभग 3 घंटे के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित रही। होजाई में भाजपा पर रिगिंग का आरोप लगने से उत्तेजना का माहौल उत्पन्न हो गया। निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थक औरे पूर्व भाजपा विधायक के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। उधर जोरहाट में मतदाता सूची में विसंगति के कारण काफी संख्या में मतदाता मतदान से वंचित रह गए। उधर बंगाईगांव के विधायक फणीभूषण चौधरी रविवार को नगरपालिका चुनाव की मतदान प्रक्रिया के बीच सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के खिलाफ आक्रामक हो उठे। इसके बाद भी नगर पालिका चुनाव में करीब 75 प्रतिशत मतदान दर्ज किए गए। राज्य चुनाव विभाग के सूत्रों ने मतदान के प्रतिशत में वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की है। दूसरी ओर हमारे डिब्रूगढ़ संवाददाता के अनुसार डिब्रूगढ़ नगर पालिका के वार्ड नम्बर चार पर स्थित साहित्यरथी लखीनाथ बेजबरूवा साहित्य सभा भवन मतदान केंद्र में आज केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को बताया कि भाजपा ने पिछले दिनों में देश की जनता के लिए इतना कार्य किया है। उससे जनता खुश है और जनता की एक ही राय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राज्य के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व राज्य का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। उधर मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने ट्वीट किया कि मैं हर किसी से अपने लोकतांत्रिक अधिकार के इस्तेमाल का आग्रह करता हूं।