गुवाहाटीः अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)भास्कर ज्योति महंत ने कहा कि महिलाओं का हमें सम्मान करना चाहिए। महिला हमारे जीवन में विभिन्न रूपों में सामने आती हैं। उनका सम्मान और सुरक्षा करना हम सबका दायित्व है। दुर्भाग्य से पूरे देश में महिला संबंधित बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। डीजीपी महंत ने इस संदर्भ में महिला से संबंधित अपराध में शामिल अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों महिला तस्करी पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने कठोर कार्रवाई की है जिससे विशेषकर महिला तस्करी के मामले में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी अपराधी अपनी आदतों से बाज नहीं आए तो ऐसे अपराधियों के खिलाफ तथा महिला संबंधित अपराध को रोकने के लिए हमारी गोली चलेगी। डीजीपी महंत ने कहा कि असम में दहेज से प्रताड़ित तथा इससे संबंधित घटनाएं पहले की अपेक्षा काफी बढ गई हैं जो असम जैसे शांति प्रिय समाज के लिए गंभीर विषय बनता जा रहा है। इस समाजिक बुराई को समाज से निकालना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में महिलाओं को आगे आकर काम करना होगा ताकि दहेज प्रताड़ना की घटनाओं को रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि उन्होंने महिला दिवस के मौके पर महिला की सुरक्षा के बारे में उठाए गए कदम का भी उल्लेख किया तथा उनकी सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
महिलाओं को परेशान करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : डीजीपी