अल्फा (आई) के जिम्मे में बंदी अपहृत प्रणव कुमार गोगोई तथा राम कुमार की रिहाई किताब लिखने में व्यस्त रहने के कारण संभव नहीं हो रही है। संगठन के सेनाध्यक्ष परेश बरुवा ने पूर्वांचल प्रहरी के सहयोगी अखबार आमार असम के मुख्य संपादक मनोज कुमार गोस्वामी को टेलीफोन पर इसकी जानकारी दी। बरुवा ने गोस्वामी को बताया कि कुइप्पो के दोनों अधिकारी अल्फा के शिविर में सकुशल हैं। इस समय दोनों अपने अनुभवों पर किताब लिखने में व्यस्त हैं। शिवसागर के प्रणव कुमार गोगोई अंग्रेजी में तथा बिहार के राम कुमार हिंदी भाषा में अल्फा के साथ अपने अनुभवों पर किताब लिख रहे हैं। शिविर में दोनों व्यक्तियों ने विभिन्न लोगों से बातचीत भी की है। इन सभी बातों को लेकर ये दोनों किताब लिख रहे हैं। कम समय के भीतर उन दोनों का यह काम पूरा हो जाएगा। काम समाप्त होते ही दोनों की रिहाई की व्यवस्था की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 20 दिसंबर को अरुणाचल के ड्रिलिंग साइट से कुइप्पों के दोनों अधिकारियों का अल्फा (आई) व एनएससीसएन ने अपहरण कर लिया था। इस समय दोनों म्यामां के घने जंगल में अल्फा तथा एनएससीएन के शिविर में सकुशल हैं।
कुइप्पो के दोनों अपहृत शीघ्र होंगे रिहा : परेश बरुवा
