जोरहाट : माजुली उपचुनाव के आज घोषित नतीजों में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार भुवन गाम ने भारी मतों से जीत हासिल की। सर्वानंद सोनोवाल के उत्तराधिकारी के रूप में मैदान में उतरे गाम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी व असम जातीय परिषद के उम्मीदवार चितरंजन बसुमतारी को 42141 मतों के अंतर से हराया। उपचुनाव में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार भुवन गाम को कुल 67,242 मत मिले। वहीं एजेपी के उम्मीदवार चितरंजन बसुमतारी महज 25,101 वोट ही हासिल कर पाए। इसके अलावा एसयूसीआई के उम्मीदवार भाइटी रिसांग को 2,265 वोट मिले। जबकि 1,642 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया। उल्लेखनीय है कि माजुली विस के उपचुनाव में 96,288 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इधर गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री व माजुली के पूर्व विधायक सर्वानंद सोनोवाल ने कांग्रेस के राजीव लोचन पेगु को 43 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। हालांकि गत चुनाव में कुल 1,04,707 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। ऐसे में इस बार गत चुनाव की तुलना 8419 वोट कम पड़े। लेकिन जीत के अंतर में विशेष फर्क देखने को नहीं मिला, जिससे साफ होता है कि क्षेत्र की जनता का विश्वास भाजपा गठबंधन के प्रति बरकरार है। इधर सात चरणों में मतगणना पूरी होने के साथ ही माजुली में भाजपा व अगप के कार्यकर्ताओं ने अपने उम्मीदवार के जीत पर एक-दूसरे को रंग लगाकर जीत की बधाई दी और जमकर नारे लगाए। गाम की जीत पर समर्थकों ने राजमार्ग पर ढ़ोल बजाकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए हर्षोल्लास के साथ जीत का जश्न मनाया। वहीं जीत हासिल होने के बाद समर्थकों ने भुवन गाम ने खुली गाड़ी में बैठकर एक जुलूस निकाला। इस दौरान पत्रकारों से हुई बातचीत में नवनिर्वाचित विधायक भुवन गाम ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत माजुलीवासियों की जीत है। उन्होंने माजुली के सत्राधिकार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, सांसद प्रदान बरुवा और माजुलीवासियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। उनका कहना था कि वे कहने से ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं और अपने कामों के जरिए वो खुद को साबित करेंगे। इधर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा व केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भी माजुली उपचुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भुवन गाम को बधाई दी तथा माजुली वासियों का आभार जताया।
माजुली में भाजपा की बादशाहत बरकरार, उपचुनाव में मिली प्रचंड जीत