पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता

गुवाहाटी : केंद्रीय अल्पसंख्यक विकास कार्य मंत्री एवं राज्यसभा में भाजपा संसदीय दल के उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने आज शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के वंचितों और गरीबों के सशक्तिकरण के साथ दुनिया में शांति के आइकॉन हैं। नकवी ने कहा कि जहां भारतीय समाज  मोदी को विकास के विश्वास का प्रतीक मानता है, वहीं पूरी दुनिया उनके नेतृत्व को विश्व शांति का सार्थक संबल मानती है। संकट के समय प्रधानमंत्री मोदी ने संकट मोचन की भूमिका निभाई है। पहले कोरोना के खिलाफ  लड़ाई में और अब यूक्रेन संकट के समय देश हित में अहम भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, मणिपुर एवं अन्य राज्यों में भाजपा की जबरदस्त जीत प्रधानमंत्री  मोदी के समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तिकरण के संकल्प पर देश के लोगों के अटूट विश्वास का पुख्ता प्रमाण है।  मोदी ने दकियानूसी, जातिवादी और सांप्रदायिक राजनीति को विकास की राजनीति से ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी से पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों का सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है। नरेंद्र मोदी ने 2014 में ही संकल्प लिया था कि पूर्वोत्तर राज्यों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे। पिछले लगभग 8 वर्षों में पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास के युद्ध स्तर पर काम हुए हैं। जहां 2014-15 में पूर्वोत्तर क्षेत्र के 8 राज्यों के विकास के लिए 36 हजार करोड़ का बजट दिया गया था, वहीं 2022-23 के बजट में 76 हजार करोड़ रूपए विकास के लिए दिए गए हैं। नकवी ने कहा कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय  की ओर से खानापाड़ा,गुवाहाटी में आज से 20 मार्च तक आयोजित 38वें हुनर हाट में 28 से अधिक राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों से 600 से अधिक दस्तकार, शिल्पकार और कारीगर शामिल हुए हैं। इसमें असम सहित देश के कोने-कोने के स्वदेशी दुर्लभ हस्तनिर्मित उत्पादनों, विभिन्न क्षेत्रों के लजीज परंपरागत पकवान भी उपलब्ध हैं। हुनर हाट में 300 स्टाल, मेरा गांव मेरा देश, विश्वकर्मा वाटिका सर्कस, देश के मशहूर कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि यहां आने वाले लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। हुनर हाट में हर दिन सर्कस कलाकारों का शानदार प्रदर्शन होगा,साथ ही सायंकाल प्रतिदिन जाने-माने गीतकारों, संगीतकारों की प्रस्तुति करेंगे। नकवी ने कहा कि हुनर हाट से स्वदेशी दस्तकारी और शिल्पकला के प्रिजर्वेशन, प्रोटेक्शन, प्रमोशन का परफेक्ट प्रकल्प है। हुनर हाट के जरिए पिछले लगभग 7 वर्षों में 8 लाख से ज्यादा दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों,कलाकारों आदि को रोजगार और रोजगार के मौके मुहैया कराए गए हैं। हुनर हाट से दस्तकारों और शिल्पकारों कारीगरों के स्वदेशी उत्पादनों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार भी उपलब्ध कराए गए हैं।