पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : राज्य में 15 मार्च से मैट्रिक तथा एचएस की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। कोविड स्थिति के बाद इस शैक्षिक वर्ष में मैट्रिक व हाई मदरसे की परीक्षाओं में कुल 4,31,132 विद्यार्थी शामिल होंगे। राज्य के कुल 903 परीक्षा केंद्र में आयोजित होनेवाली मैट्रिक की परीक्षा में 4,19,887 तथा हाई मदरसे की परीक्षा में 11,245 विद्यार्थी होंगे। उल्लेखनीय है कि इस बार की मैट्रिक की परीक्षा में 21 दृष्टिबाधित और 46 मूक-बधिर विद्यार्थी भी शामिल होंगे। इसके अलावा सेबा ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र में कोविड मरीजों के लिए अलग कमरे की व्यवस्था की गई है। एचएस की फाइनल परीक्षा में कुल 2,15,022 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें से कला शाखा में 1,64,219, विज्ञान शाखा में 34,401, वाणिज्य शाखा में 15,581 तथा व्यवसायिक शाखा में 821 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा नियंत्रक पंकज बोरठाकुर ने सूचना दी है कि एचएस के 796 परीक्षा केंद्रों में सीसी टीवी की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अगर बिना कोविड टीकाकरण के कोई परीक्षार्थी परीक्षा में बैठने के लिए आए तो उन्हें भी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।