ल्वीव (यूक्रेन) : यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य शहरों पर हमलों के बीच रूस और यूक्रेन के वार्ताकारों ने सोमवार को एक और दौर की वार्ता की। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोदोल्याक ने कहा है कि रूस के साथ शांति वार्ता आज खत्म हुई लेकिन मंगलवार को यह फिर शुरू होगी। बेलारूस की सीमा पर तीन बार वार्ता विफल होने के बाद दोनों देशों ने 10 मार्च को पहली बार वीडियो लिंक के जरिए बातचीत की थी। पोदोल्याक ने ट्वीट किया कि कल तक के लिए बातचीत को विराम दिया गया है। अतिरिक्त कामकाज के लिए यह किया गया। वार्ता जारी रहेगी। रेडक्रॉस ने कहा कि यूक्रेनवासियों के लिए रूस युद्ध ‘दुःस्वप्न से कम’ नहीं है। रेडक्रॉस के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को कहा कि यूक्रेन में वर्तमान में युद्ध से घिरे हुए शहरों में रह रहे लोग अथाह संकट का सामना कर रहे हैं और अधिकारी ने नागरिकों को निकलने एवं मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए अग्रिम मोर्चो पर सुरक्षित मार्ग की अनुमति देने का आह्वान किया। पोलैंड की सीमा के निकट एक सैन्य ठिकाने पर रूस द्वारा किए गए हवाई हमले से लड़ाई के उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) तक पहुंचने की बढ़ती आशंका के बीच रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा करने के प्रयास में वहां भारी गोलाबारी कर रही है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हर कोई खबर का इंतजार कर रहा है। यूक्रेन पर 19वें दिन भी रूसी हमलों के बावजूद दोनों देशों के अधिकारियों के बीच वार्ता के एक नए दौर ने रूसी सेनाओं से घिरे यूक्रेन के शहरों से नागरिकों की निकासी और आपात सामानों की आपूर्ति की उम्मीद फिर जगी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सहयोगी मिखाइलो पोडोलीक ने वीडियो लिंक द्वारा दोनों पक्षों की बैठक की एक तस्वीर ट्वीट की। पोडोलीक ने सोमवार को ट्विट किया था कि वार्ताकार ‘शांति, युद्धविराम, सैनिकों की तत्काल वापसी और सुरक्षा गारंटी’ पर चर्चा करेंगे। कई घंटों की बातचीत के बाद वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। पोडोलीक ने कहा कि वार्ताकारों ने मंगलवार को फिर से मिलने की योजना बनाई है। पूर्व में रूस से लगने वाली सीमा से लेकर पश्चिम में कारपेथियाई पहाड़ों तक देशभर के शहरों और कस्बों में रातभर हवाई हमलों की चेतावनी देने वाले सायरनों की आवाज गूंजती रही। वहीं कीव के बाहरी इलाकों में भी लड़ाई जारी है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेना ने राजधानी के कई उपनगरों पर गोलाबारी की, जो उनके आक्रमण के लिए एक प्रमुख राजनीतिक और रणनीतिक लक्ष्य है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि कीव में रूसी सेना द्वारा एक हवाई जहाज के कारखाने पर किए गए हमले के बाद आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए। एंटोनोव कारखाना यूक्रेन का सबसे बड़ा विमान निर्माण संयंत्र है और दुनिया के कई सबसे बड़े मालवाहक विमानों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। अधिकारियों ने कहा कि रूसी तोपखाने से की गई गोलाबारी ने शहर के उत्तरी ओबोलोंस्की जिले में नौ मंजिला अपार्टमेंट की इमारत को भी निशाना बनाया जिसमें दो और लोग मारे गए। दमकलकर्मी जीवित बचे लोगों को बचाने के लिए जूझते दिखे। घटनास्थल से एक घायल महिला को एक स्ट्रेचर पर ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा कि कीव के पूर्व में ब्रोवरी के एक नगर पार्षद की वहां लड़ाई में मौत हो गई।
यूक्रेन में रूसी हमलों के बीच दोनों पक्षों ने की वार्ता, आज भी रहेगी जारी