गुवाहाटी : राज्य सरकार ने असम पुलिस के खेल विभाग में सह महापरिदर्शक (एआईजी, स्पोर्टस) के नए पद में आनंद मिश्र को नियुक्ति दी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वे नगांव के एसपी पद में कार्यरत थे। गत 22 जनवरी के छात्रनेता कीर्तिकमल बोरा के एनकाउंटर के मामले के बाद मीडिया में सरकारी जांच के   खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में उन्हें तत्काल असम पुलिस के मुख्य कार्यालय में बुला लिया गया था। तब से वे वस्तुतः कर्महीन रूप में ही रहे। आखिर राज्य सरकार के गृह विभाग के आयुक्त सचिव दिगंत बोरा ने मंगलवार को एक सूचना जारी करके आनंद मिश्र को एआईजी, स्पोर्टस के रूप में नियुक्ति दी। एक अन्य सूचना के जरिए राज्य सरकार के गृह विभाग ने काहिलीपाड़ा स्थित 10 असम पुलिस बटालियन के सह कमांडेंट पद पर कार्यरत डीआईजी गोगोई को शिवसागर के डीएसपी पद में नियुक्ति दी है। शिवसागर के डीएसपी के रूप में कार्यरत घनश्याम भाई को काहिलीपाड़ा स्थित 10 असम पुलिस बटालियन के सह कमांडेंट पद पर स्थानांतरण किया गया है। तिताबर के 3 असम पुलिस बटालियन के सह कमांडेंट पद पर कार्यरत प्रणव दास को काजीरंगा के एसटीएफ के डीएसपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है।