नई दिल्ली : सरकार ने बुधवार को बताया कि असम एवं मेघालय अंतर्राज्यीय सीमा विवाद के 12 में से छह क्षेत्रों में स्थायी हल निकालने के लिए तैयार हो गए हैं। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमा मुद्दे का परस्पर स्वीकार्य समाधान निकालने के लिए असम एवं मेघालय सरकारों के बीच विभिन्न स्तर पर विचार विमर्श चल रहा है। उन्होंने कहा कि इन विचार विमर्श के फलस्वरूप असम एवं मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने अंतरराज्यीय सीमा के संबंध में मतभेद के 12 क्षेत्रों में से छह में स्थायी हल निकालने पर सहमति जतायी है।राय ने कहा कि केंद्र सरकार का यह सतत रुख रहा है कि अंतरराज्यीय सीमा मुद्दों का समाधान केवल संबंधित राज्यों के सहयोग से ही हो सकता है तथा आपसी सहयोग एवं समझ की भावना से सीमा मुद्दों का आपसी रूप से स्वीकार्य हल निकालने के लिए केंद्र सरकार सहयोग मुहैया कराने की भूमिका निभाती है।
असम-मेघालय छह क्षेत्रों में सीमा विवाद के स्थायी समाधान को सहमत : केंद्र